Last Updated:
Bapu singh Tanwar: मध्य प्रदेश में पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर के बोल बिगड़ गए. उन्होंने बिजली अफसर को धमकाते हुए कहा कि आप भी पिटोगे और नेता भी पिटेंगे. इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि जिसे भी वोट दिए हैं. आपने जिसे विधायक और सांसद बनाया है. उन लोगों को पकड़ो. तभी आपकी बिजली की समस्या का समाधान हो पाएगा.
पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर के बिगड़े बोल
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बिजली कटौती से किसान परेशान हो रहे थे, तो वह पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर के पास पहुंचे. इसके बाद NH-52 के ढाबला में बिजली कटौती के खिलाफ चक्काजाम किया गया. इसमें पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर और हेमराज कल्पोनी धरने पर बैठे. इस दौरान बापू सिंह तंवर ने बिजली विभाग के अधिकारी को फोन लगाया और जब अधिकारी ने कहा कि मेरे हाथ में कुछ नहीं है, तो वह गुस्सा हो गए. उन्होंने फिर सरकार ने तुम्हें काहे के लिए बिठा रखा है?
क्या बोले बापू सिंह तंवर
पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर ने कहा कि जब जिले के अधिकारी कह रहे हैं कि मेरे हाथ में कुछ भी नहीं है और अपनी असमर्थता जाहिर कर रहे हैं. तो मेरा निवेदन है, जो लोग सरकार चला रहे हैं. इन सबको घेरो. इनको मत निकलने दो. तब जाकर आपके घर में बिजली आएगी. जब तक इनका घेराव नहीं करोगे. क्योंकि अधिकारियों ने कहा कि हमारी मजबूरी है. जिन लोगों को आपने मंत्री, विधायक, सांसद बनाया है. उन लोगों को पकड़ो, तब जाकर आपको राहत मिलेगी.
पूर्व विधायक के बिगड़े बोल
उन्होंने अधिकारी से कहा कि आपके हाथ में नहीं है, तो ऊपर बात करो ना. देखिए आम किसान आपके यहां आ नहीं सकते हैं. सरकार ने किस लिए आपको बिठा रखा है. अगर आपके हाथ में नहीं है, तो आपकी जरूरत क्या है राजगढ़ में? हर व्यक्ति की जवाब दारी होती है. सुनिए साहब आप भी पिटोगे और नेता भी पिटेंगे. सब पिटेंगे. यह जनता है. यह किसी को नहीं देखती है. बचोगे नहीं कोई भी.
बताया जा रहा है कि पिछले 10 दिनों से जिले में बिजली कटौती से हाहाकार मचा हुआ है. अलग-अलग बार कई जगह चक्काजाम हो चुका है. इससे किसानों का गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है. उनकी तरफ से कहा गया है कि सेटिंग के नाम पर कब तक बेवकूफ बनाओगे. किसानों का सबसे बड़ा सवाल यह कि बार-बार परेशानी के बाद भी बिजली विभाग जाग नहीं रहा है.