जमशेदपुर से 60 किमी दूर कलयमगोचा गांव में है बेहद खूबसूरत वॉटरफॉल, अगली फुर्सत में करें विजिट, ₹20 में मिलेगा मजा

जमशेदपुर से 60 किमी दूर कलयमगोचा गांव में है बेहद खूबसूरत वॉटरफॉल, अगली फुर्सत में करें विजिट, ₹20 में मिलेगा मजा


Last Updated:

Jamshedpur Hidden Water Fall: जमशेदपुर से 60 किलोमीटर दूर पोटका प्रखंड के कलयमगोचा गांव में एक खूबसूरत हिडन वॉटरफॉल है. यहां प्रकृति की खूबसूरती और शांत वातावरण के बीच समय बिताने के लिए मात्र 20 रुपये का शुल्क लिया जाता है. बड़े हिल स्टेशन जैसा कुछ-कुछ मजा यहां भी लिया जा सकता है.

Top Deals Inside

जमशेदपुर. अगर आप भी शहर की भागदौड़, शोर-शराबे और भीड़भाड़ से दूर किसी ऐसी जगह की तलाश कर रहे हैं, जहां चारों तरफ हरियाली, ठंडी हवा और पानी की कलकल आवाज के बीच कुछ सुकून के पल बिता सकें, तो यह खबर आपके लिए है. जमशेदपुर से महज 60 किलोमीटर दूर पोटका प्रखंड के कलयमगोचा गांव में एक खूबसूरत हिडन वॉटरफॉल मौजूद है, जिसके बारे में अभी बहुत कम लोगों को जानकारी है. यहां पहुंचने के बाद आपको प्रकृति का ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जहां कुछ देर बैठकर ही मन तरोताजा हो जाता है.

भीड़भाड़ से दूर, प्रकृति के करीब
इस वॉटरफॉल की सबसे खास बात यहां का शांत वातावरण और आसपास फैली प्राकृतिक खूबसूरती है. शहर के शोर से दूर बहते पानी की आवाज, चारों तरफ हरियाली और ठंडी हवा पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है. जो लोग वीकेंड पर दोस्तों या परिवार के साथ किसी नई जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, उनके लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक नजारों के बीच समय बिताना और तस्वीरें लेना पसंद करते हैं.

सिर्फ ₹20 में घूमने का मौका
इस जगह की एक और खास बात यह है कि यहां आने वाले पर्यटकों से ग्रामीणों द्वारा मात्र ₹20 मेंटेनेंस फीस ली जाती है. इस राशि का इस्तेमाल साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखने के लिए किया जाता है. ऐसे में कम खर्च में प्रकृति के करीब समय बिताने का मौका मिलता है. हालांकि, पर्यटकों को भी इस जगह की खूबसूरती बनाए रखने के लिए कचरा इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए और स्थानीय लोगों के बनाए नियमों का पालन करना चाहिए.

कैसे पहुंचें कलयमगोचा का हिडन वॉटरफॉल?
जमशेदपुर से यहां पहुंचने के लिए आपको हाता की ओर जाना होगा. इसके बाद हरिना मंदिर की तरफ से आगे बढ़ते हुए लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी. रास्ते में गांव तक पहुंचने के लिए बोर्ड और साइन बोर्ड की मदद मिल सकती है. हालांकि, यात्रा शुरू करने से पहले स्थानीय लोगों से रास्ते की जानकारी ले लेना बेहतर रहेगा. पर्यटकों के मुताबिक, गांव तक पहुंचने वाले रास्ते के लगभग 2 से 3 किलोमीटर हिस्से में कच्ची सड़क होने के कारण थोड़ी परेशानी हो सकती है. इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतना जरूरी है.

थोड़ी परेशानी के बाद मिलेगा सुकून
यहां घूमने आने वाले पर्यटकों का कहना है कि रास्ते में थोड़ी परेशानी जरूर होती है, लेकिन वॉटरफॉल पहुंचने के बाद आसपास का खूबसूरत नजारा सारी थकान भुला देता है. बहते पानी, ठंडी हवा और प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताना एक अलग अनुभव देता है. अगर आप इस वीकेंड किसी ऐसी जगह जाने की योजना बना रहे हैं, जहां ज्यादा भीड़ न हो और प्रकृति के बीच कुछ समय बिताने का मौका मिले, तो कलयमगोचा गांव का यह हिडन वॉटरफॉल आपकी घूमने की सूची में शामिल हो सकता है. बस ध्यान रखें कि पानी के पास फिसलन वाली चट्टानों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें.



Source link