MP वक्फ बोर्ड यतीम बच्चों को पढ़ाएगा, संपत्तियों पर कब्जे को लेकर भी अध्यक्ष का बड़ा बयान, ओवैसी को न्योता


Last Updated:

MP Waqf Board News: भोपाल में मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने प्रेस वार्ता में कई बड़े खुलासे किए. उन्होंने बताया कि वक्फ की 95% संपत्तियों और भोपाल के 101 कब्रिस्तानों पर अवैध कब्जा है. बोर्ड 289 यतीम बच्चों की फीस भरेगा. उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और इमरान प्रतापगढ़ी को भोपाल आकर सामाजिक काम करने का न्योता दिया.

Top Deals Inside

MP वक्फ बोर्ड यतीम बच्चों को पढ़ाएगा, संपत्तियों पर कब्जे को लेकर आया बड़ा बयानZoom

भोपाल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डाॅ. सनवर पटेल.

रिपोर्ट: रमाकांत दुबे

Bhopal News: मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने भोपाल में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता बुलाई. इसमें उन्होंने बोर्ड के नए सुधारों, जनकल्याणकारी पहलों और भूमि कब्जों पर विस्तृत जानकारी दी. डॉ. सनवर पटेल ने बताया कि भोपाल के 289 अनाथ बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए वक्फ बोर्ड उनकी स्कूल फीस जमा कराएगा.

इन बच्चों के पिता नहीं हैं और आर्थिक तंगी के कारण इनकी पढ़ाई छूटने की आशंका थी. बोर्ड ने इसे रोकने के लिए यह पहल की है. इसके लिए भोपाल स्थित ‘वक्फ इदारा यतीमखाना शाहजहांनी’ की संपत्ति से मिलने वाली 21,60,000 की सालाना आय का उपयोग होगा. बोर्ड का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई न छूटने देना है.

‘पढ़ो-पढ़ाओ राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो’ योजना
बोर्ड ‘पढ़ो-पढ़ाओ, मुल्क की तरक्की और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो’ योजना चला रहा है. इसके तहत अब तक 1 करोड़ रुपये से अधिक की फीस जमा कराई जा चुकी है. फीस जमा करने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी गई है. 10वीं पास मेधावी छात्रों के लिए भी नीति बनाई गई है. पटेल ने बताया कि नए वक्फ कानून के बाद यह एक बड़ा नवाचार है. इससे अनाथ बच्चों का ड्रॉपआउट रोका जा रहा है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने का प्रयास हो रहा है.

वक्फ कानून के संशोधन और उम्मीद पोर्टल
सनवर पटेल ने प्रेस वार्ता में वक्फ कानून के इतिहास की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वक्फ कानून में पहला संशोधन 1995 में हुआ था. दूसरा संशोधन 2013 में किया गया. इसके बाद वर्ष 2025 में नया संशोधित कानून लागू हुआ. बोर्ड ने व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए ‘उम्मीद पोर्टल’ पर वक्फ संपत्तियों को ऑनलाइन दर्ज करने का काम सबसे पहले पूरा किया है.

95% संपत्तियों पर कब्जा, 101 कब्रिस्तान गायब
पटेल ने वक्फ जमीनों पर कब्जों को लेकर बड़े खुलासे किए. उन्होंने बताया कि वक्फ की 95% संपत्तियों पर अवैध कब्जा है. कई संपत्तियां सिर्फ सरकारी कागजों में ही दर्ज हैं. भोपाल में दस्तावेजों में 125 कब्रिस्तान दर्ज थे. जब जमीनी सत्यापन कराया गया तो केवल 24 कब्रिस्तान मिले. बाकी 101 कब्रिस्तानों पर अवैध कब्जा पाया गया. अब बोर्ड पौधरोपण कर कब्रिस्तानों को सुरक्षित और संधारित कर रहा है.

ओवैसी और इमरान प्रतापगढ़ी को न्योता
डॉ. सनवर पटेल ने असदुद्दीन ओवैसी और इमरान प्रतापगढ़ी को भोपाल आने का न्योता दिया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अब तक वक्फ को लेकर सिर्फ भ्रम फैलाया है. वे भोपाल आएं और ऐसे अनाथ बच्चों की मदद में काम करें जिनका कोई अपना नहीं है.



Source link