Last Updated:
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अगली फिल्म ‘रामबोला’ का ऐलान किया. यह फिल्म कवि गोस्वामी तुलसीदास की जिंदगी पर आधारित होगी. फिल्म की खास बात यह है कि इसके प्रोड्यूसर्स महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने अपनी निजी कमाई और बचत का 100% जरूरतमंदों की भलाई के लिए दान करने का संकल्प लिया है.
‘रामबोला’ के अलावा ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल पर भी काम चल रहा है.
नई दिल्ली: विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश’ के बाद अपनी अगली फिल्म की घोषणा की है. ‘रामबोला’ नाम की फिल्म कवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित है. अब, मेकर्स ने इस प्रोजेक्ट के बारे में एक दिलचस्प जानकारी शेयर की है. प्रोड्यूसर महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने ‘रामबोला’ से होने वाली अपनी निजी कमाई और बचत का 100% हिस्सा सेवा प्रोजेक्ट में दान करने का संकल्प लिया है. यह पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित है.
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, ‘एक प्रेरणादायक संकल्प- ‘रामबोला’ के प्रोड्यूसर अपनी कमाई का 100% हिस्सा सेवा प्रोजेक्ट के लिए दान करेंगे. ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के साथ ‘रामबोला’ का ऐलान किया. प्रोड्यूसर महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने संकल्प लिया है कि वे ‘रामबोला’ से अपनी निजी कमाई और बचत का 100% हिस्सा जरूरतमंदों की भलाई के लिए समर्पित करेंगे. दोनों प्रोड्यूसर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित ‘सेवा संकल्प पहल’ के तहत दिल से किया गया संकल्प ले रहे हैं.’
गणेश चतुर्थी पर फिल्म का ऐलान
‘रामबोला’ को विशाल चतुर्वेदी लिखेंगे और डायरेक्ट करेंगे. यह फिल्म गोस्वामी तुलसीदास और उनके जीवन की कहानी बताएगी. विशाल अभी ‘हनुमान अंश’ की सफलता की वजह से सुर्खियों में हैं. फिल्म की घोषणा गणेश चतुर्थी पर की गई थी. विशाल ने यह खबर शेयर करते हुए लिखा, ‘बप्पा के आशीर्वाद से इस शुभ दिन पर विनम्रता और कृतज्ञता के साथ हम आपके लिए ‘रामबोला’ लेकर आए हैं – गोस्वामी तुलसीदास की अमर कहानी.’
रणवीर सिंह भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल
‘रामबोला’ की घोषणा कई बॉलीवुड स्टार्स के ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने के बाद हुई है. रणवीर सिंह ने भी लालबागचा राजा ट्रिप के दौरान इस पहल का सपोर्ट किया था. रणवीर ने कहा, ‘गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर, मैं सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर 1000 बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लेता हूं. आशा है कि इसके चलते बप्पा प्रसन्न होंगे और उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे सिर पर रहेगा.’ ‘रामबोला’ के अलावा ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल पर भी काम चल रहा है.