बैंक, जमीन या सोना…रिटायरमेंट के बाद कहां लगाएं पैसा? 90 साल के प्रोफेसर से जानें खुशहाल बुढ़ापे का फॉर्मूला

बैंक, जमीन या सोना…रिटायरमेंट के बाद कहां लगाएं पैसा? 90 साल के प्रोफेसर से जानें खुशहाल बुढ़ापे का फॉर्मूला


Last Updated:

Retirement Planning Tips: मधुबनी के सेवानिवृत्त प्रोफेसर जेपी सिंह ने रिटायरमेंट के पैसों के सही निवेश और फाइनेंशियल प्लानिंग के सुझाव दिए हैं. उनका कहना है कि पैसे को बैंक, जमीन और सोने जैसे अलग-अलग विकल्पों में निवेश कर बुढ़ापे को आर्थिक रूप से सुरक्षित और खुशहाल बनाया जा सकता है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

Retirement Fund Management: नौकरी से रिटायर होने के बाद मिलने वाली रकम का सही इस्तेमाल बुढ़ापे को आर्थिक रूप से सुरक्षित और खुशहाल बना सकता है. इसके लिए जरूरी है कि पूरी रकम एक ही जगह खर्च या निवेश करने के बजाय अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से उसका प्रबंधन किया जाए. मधुबनी के आरके कॉलेज से अंग्रेजी विभागाध्यक्ष के पद से सेवानिवृत्त प्रोफेसर जेपी सिंह ने रिटायरमेंट के बाद आर्थिक आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अपना अनुभव साझा किया है. करीब 90 वर्ष से अधिक उम्र के प्रोफेसर जेपी सिंह आज भी पढ़ने-लिखने और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय हैं. उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं. वह अपने यहां नियमित रूप से काव्य गोष्ठी आयोजित करते हैं और युवाओं को साहित्य से जोड़ने का प्रयास करते हैं.

बैंक, जमीन और सोने में किया निवेश
प्रोफेसर जेपी सिंह बताते हैं कि रिटायरमेंट के बाद मिली रकम को उन्होंने कई हिस्सों में बांटकर इस्तेमाल किया. कुछ पैसे बैंक खाते में सुरक्षित रखे, ताकि अचानक किसी जरूरत या विपत्ति के समय उनका उपयोग किया जा सके. इसके अलावा उन्होंने गांव में घर बनवाया, खेतों में निवेश किया. बच्चों की जरूरतों के साथ अपनी आवश्यकताओं पर भी खर्च किया. उनका मानना है कि रिटायरमेंट की रकम को एक ही जगह लगाने के बजाय चार से पांच अलग-अलग विकल्पों में बांटना चाहिए. इससे जरूरत के समय आर्थिक परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है. उन्होंने जमीन और सोने को भी मुश्किल समय में सहारा देने वाले विकल्पों के रूप में बताया. निवेश करते समय अपनी जरूरत, जोखिम उठाने की क्षमता और पैसे की उपलब्धता का ध्यान रखना जरूरी है.

बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा के साथ सम्मान भी जरूरी
प्रोफेसर जेपी सिंह ने बतलाया कि रिटायरमेंट के बाद जीवन का उद्देश्य सिर्फ पैसे बचाना नहीं होना चाहिए. व्यक्ति को अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए. बुढ़ापे में सम्मान, सामाजिक जुड़ाव और आत्मनिर्भरता का विशेष महत्व है. उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार दान करने और जरूरतमंदों की मदद करने पर भी जोर दिया. मंदिर निर्माण में सहयोग करना या किसी गरीब बच्चे की पढ़ाई में मदद करना समाज के प्रति योगदान देने के तरीके हैं.

खुशहाल रिटायरमेंट के लिए क्या करें?
प्रोफेसर जेपी सिंह के अनुभव से यह सीख मिलती है कि रिटायरमेंट की रकम का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए. आपातकालीन जरूरतों के लिए बैंक में पर्याप्त पैसा रखें. परिवार और अपने खर्चों का संतुलन बनाएं और निवेश के अलग-अलग विकल्पों पर विचार करें. रिटायरमेंट के बाद पढ़ने-लिखने, सामाजिक गतिविधियों और अपनी रुचियों से जुड़े रहना भी जरूरी है. आर्थिक सुरक्षा के साथ सक्रिय जीवनशैली और सामाजिक सम्मान व्यक्ति के जीवन को बेहतर बना सकते हैं.



Source link