Career Mistakes after Class 12: 12वीं के बाद भूल से भी न करें ये गलतियां, बर्बाद हो जाएगा करियर, कहीं नहीं मिलेगी नौकरी

Career Mistakes after Class 12: 12वीं के बाद भूल से भी न करें ये गलतियां, बर्बाद हो जाएगा करियर, कहीं नहीं मिलेगी नौकरी


नई दिल्ली (Career Mistakes after Class 12). स्कूली पढ़ाई पूरी करना लाइफ का एक चैप्टर खत्म होने जैसा है. स्कूल के सख्त अनुशासन से निकलकर कॉलेज की रंगीन दुनिया में कदम रखते ही युवा आजाद महसूस करते हैं. नए सफर की शुरुआत में मन में बड़े-बड़े सपने होते हैं- कोई डॉक्टर बनना चाहता है, कोई इंजीनियर तो कोई कॉर्पोरेट जगत में तहलका मचाने का प्लान बनाता है. लेकिन सही गाइडेंस नहीं मिलने पर कई स्टूडेंट्स अनजाने में ऐसी भूल कर बैठते हैं, जिनका खामियाजा जिंदगीभर भुगतना पड़ता है.

12वीं के बाद इन गलतियों से बर्बाद होगा करियर

मजबूत करियर की नींव स्कूली दिनों से ही पड़ जाती है. 12वीं के बाद ये 5 गलतियां करने पर आपका करियर बर्बाद हो जाएगा. मनचाही नौकरी के लिए स्कूली लाइफ खत्म होते ही कुछ खास स्किल्स पर फोकस करना जरूरी है:

1. सिर्फ डिग्री के भरोसे बैठना और स्किल्स न सीखना

यह गलती ज्यादातर स्टूडेंट्स करते हैं. उन्हें लगता है कि डिग्री मिलते ही कंपनियां खुद-ब-खुद उन्हें लाखों का पैकेज ऑफर करने आएंगी. लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है. आज का कॉर्पोरेट जगत केवल स्किल्स मांगता है. अगर आप अपनी फील्ड से जुड़ी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, कोडिंग, कम्युनिकेशन या डिजिटल स्किल्स नहीं सीखते हैं तो वह डिग्री सिर्फ दीवार पर सजाने के काम आएगी. इसलिए कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ ऑनलाइन कोर्स, इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी स्किल्स को लगातार अपग्रेड करते रहें.

2. भीड़ का हिस्सा बनना और बिना रुचि के करियर चुनना

अक्सर स्टूडेंट्स देखते हैं कि उनके दोस्त या पड़ोसी किस कोर्स में एडमिशन ले रहे हैं. फिर वे भी बिना सोचे-समझे उसी भीड़ का हिस्सा बन जाते हैं. कोई इंजीनियरिंग में जा रहा है तो कोई बीसीए या बीबीए कर रहा है, भले ही उसमें उसकी रुचि न हो. जब आप बिना पैशन या इंटरेस्ट के कोई रास्ता चुनते हैं तो कुछ समय बाद पढ़ाई बोझ लगने लगती है और आप अपना 100% नहीं दे पाते. अपनी क्षमता, रुचि और भविष्य की डिमांड को समझकर ही करियर पाथ चुनें, वरना आधी-अधूरी रुचि के साथ कभी एक्सपर्ट नहीं बन पाएंगे.

3. नेटवर्किंग और इंटर्नशिप को नजरअंदाज करना

कॉलेज के शुरुआती सालों में कई स्टूडेंट्स सोचते हैं कि पढ़ाई के लिए अभी बहुत वक्त है. वे इंटर्नशिप या नेटवर्किंग को आखिरी साल के लिए टाल देते हैं. यह बहुत बड़ी भूल है. आज के समय में अच्छी नौकरियां लिंक्डइन नेटवर्किंग और रेफरेंस के जरिए मिलती हैं. अगर आप कॉलेज के दौरान प्रोफेशनल लोगों से नहीं जुड़ते, सेमिनार अटेंड नहीं करते और इंटर्नशिप से इंडस्ट्री का अनुभव नहीं लेते तो डिग्री मिलने के बाद फ्रेशर के तौर पर भी संघर्ष करना पड़ेगा. अनुभव हमेशा किताबी ज्ञान पर भारी पड़ता है.

4. टाइम मैनेजमेंट नहीं करना और फेलियर से डरना

स्कूल लाइफ और कॉलेज लाइफ में जमीन-आसमान का फर्क होता है. स्कूल में टीचर्स हर बात की याद दिलाते हैं, लेकिन कॉलेज में खुद अनुशासन तय करना होता है. कई छात्र दिन का ज्यादातर समय सोशल मीडिया पर रील्स देखने या फालतू की एक्टिविटी में बर्बाद कर देते हैं. इसके अलावा, छोटी-मोटी असफलता या कोडिंग एरर आने पर घबरा जाते हैं. कंसिस्टेंसी और टाइम मैनेजमेंट ही सफलता की असली चाबी है. हर दिन थोड़ा-थोड़ा सीखना और खुद को बेहतर बनाना ही आपको भीड़ से अलग खड़ा करता है.

5. कम्युनिकेशन स्किल्स और पर्सनैलिटी पर काम न करना

आप कितने भी बड़े टेक्निकल एक्सपर्ट क्यों न हों, लेकिन इंटरव्यू में अपनी बात सही ढंग से सामने वाले को समझा नहीं पा रहे हैं तो सारा ज्ञान धरा रह जाएगा. ज्यादातर स्टूडेंट्स अंग्रेजी, बॉडी लैंग्वेज या बातचीत के तरीके को सुधारने पर ध्यान नहीं देते. कॉर्पोरेट जगत में टीम वर्क और क्लाइंट हैंडलिंग के लिए बेहतरीन कम्युनिकेशन स्किल्स होना जरूरी है. कॉलेज के दिनों से ही अपनी पर्सनैलिटी को तराशना शुरू करें, पब्लिक स्पीकिंग में हिस्सा लें और खुद को कॉन्फिडेंट प्रोफेशनल बनाएं.



Source link