Last Updated:
CM Yogi Adityanath on Ajay Rai Mamata Chaudhary Fight : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में अराजकता फैलाने और युवाओं को गुमराह करने के बजाय राजनीतिक दलों को मुद्दों के आधार पर चर्चा करनी चाहिए. उन्होंने स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए. मुख्यमंत्री के मुताबिक, देश में राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन विरोध के नाम पर अव्यवस्था फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करना भारतीय लोकतंत्र और देश की जनता, दोनों के हित में है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव के बाद भी पार्टी की अंदरूनी कलह थमती नजर नहीं आ रही है. लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और अन्य पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पहुंचने पर यूपी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ममता चौधरी और उनके समर्थकों की ओर से कथित तौर पर की गई अभद्र टिप्पणियों के बाद माहौल गरमा गया. इस दौरान जूते-चप्पल चलने की घटना ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. सीएम योगी ने आखिर कांग्रेस और उसके नेताओं के लिए क्या-क्या कहा, आइये समझते हैं इस रिपोर्ट में..
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस आज अराजकता का पर्याय बन चुकी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस बात पर विचार करना चाहिए कि जनता उसे बार-बार क्यों ठुकरा रही है. योगी ने कांग्रेस को अपनी राजनीतिक नाकामियों की समीक्षा करने और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की नसीहत भी दी.
कांग्रेस में गुटबाजी पर सीएम योगी का हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जिस तरह का गैर राजनीतिक व्यवहार कर रहे हैं, उसे पूरा देश देख रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए, न कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने चाहिए.
उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 1985 के बाद से पार्टी राज्य में दोबारा सत्ता में नहीं आ सकी. योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने कांग्रेस को 41 वर्ष पहले ही विदा कर दिया था. उन्होंने दावा किया कि देश के कई अन्य राज्यों में भी जनता का कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है.
कांग्रेस पर क्या बोले सीएम योगी
चुनाव हारने पर EVM और चुनाव आयोग को दोष देती है कांग्रेस: योगी
मुख्यमंत्री ने चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस अपनी जीत को उपलब्धि बताती है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देने लगती है. योगी ने आरोप लगाया कि जब कोर्ट गुण-दोष के आधार पर कोई फैसला देता है, तो उसे स्वीकार करने के बजाय न्यायपालिका को कटघरे में खड़ा करने और उसे धमकी देने की कोशिश की जाती है. उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बयानबाजी करना, गाली-गलौज करना और अव्यवस्था फैलाना कांग्रेस की राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है. मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को परेशानी होती है और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए जाते हैं.
कांग्रेस नेतृत्व को बदलने की दी नसीहत
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपने नेतृत्व की कार्यशैली, निष्क्रियता और जनता के बीच खो चुके विश्वास पर विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक विफलताओं की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और देश में अराजकता फैलाने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि भारत की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक है और वह लंबे समय तक अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी. यदि कांग्रेस इसी तरह अस्थिरता पैदा करने और असंवैधानिक गतिविधियों में शामिल रहने का रास्ता अपनाती है, तो उसे अपनी बची-खुची राजनीतिक जमीन भी गंवानी पड़ सकती है.