महिलाओं ने शादी का दिया विज्ञापन, फंस गए 53 साल के रेशम लाल साहू, लाखों का लगाया चूना


Last Updated:

Janjgir Champa News: पदमा नाम की युवती ने खुद को महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स बताया था. उसने रेशम लाल साहू से संपर्क बढ़ाया. पदमा कभी अपनी मां के इलाज के नाम पर, तो कभी खुद की बीमारी का बहाना बनाकर, कभी एक्सीडेंट, तो कभी अपनी मां की मौत के बहाने से पैसे ऐंठ चुकी थी.

Top Deals Inside

महिलाओं ने शादी का दिया विज्ञापन, फंस गए 53 साल के रेशम लाल साहू, लाखों ठगेZoom

पुलिस ने चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

रिपोर्ट- कैलाश कश्यप, जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गैंग की चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरोह ने 53 साल के शख्स को निशाना बनाया और 5.65 लाख रुपये ठग लिए. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी. पुलिस जांच में शिकायत सही पाई गई और फिर चार महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी शादी के नाम पर ठगी का केस दर्ज हो चुका है.

मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर पुलिस के साइबर थाना ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. आरोपियों ने शादी का विज्ञापन दिया था. नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू ठगों के जाल में फंस गए. महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स होने का दावा कर खुद का नाम पदमा बताने वाली युवती ने रेशम लाल से संपर्क बढ़ाया. पदमा ने कभी मां के इलाज, तो कभी खुद की बीमारी, तो कभी एक्सीडेंट और कभी मां की मौत का बहाना बनाकर रेशम लाल से पैसे ऐंठ लिए.

ठगी का अहसास होने पर दर्ज कराई शिकायत
रेशम लाल साहू को जब लगा कि उनसे केवल पैसों के लिए संपर्क किया जा रहा है, तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी. पैसे वापस न मिलने पर उन्हें अपने साथ ठगी का अहसास हुआ. उन्होंने फौरन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच की, तो शिकायत सही पाई गई. रेशम लाल से कुल 5.65 लाख रुपये की ठगी हुई थी. पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

राजनांदगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों के नाम भूमिका रंगारी, नसीम बानो, तय्यबा बान, शायना बानो और रोहित कुमार गुप्ता हैं. वे सभी राजनांदगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं. साइबर थाना में अपराध क्रमांक 10/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है. जांजगीर पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी पर शादी के नाम पर ठगी से जुड़ी अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों के खिलाफ पूर्व में दर्ज शिकायतों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.



Source link