नवरात्रि व्रत में इस अंदाज में बनाएं साबूदाना खिचड़ी, झटपट तैयार, कुटी मूंगफली डालने से 10 गुना बढ़ेगा स्वाद

नवरात्रि व्रत में इस अंदाज में बनाएं साबूदाना खिचड़ी, झटपट तैयार, कुटी मूंगफली डालने से 10 गुना बढ़ेगा स्वाद


नई दिल्लीः नवरात्रि में अगर आप भी व्रत रख रहे हैं और रोजाना एक जैसा फलाहार खाकर बोर हो गए हैं, तो साबूदाना खिचड़ी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. यह खाने में स्वादिष्ट होती है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता. आलू, साबूदाना, मूंगफली और कुछ मसालों की मदद से आप घर पर ही आसानी से इसे तैयार कर सकते हैं. दिल्ली की सुषमा ने हमारे साथ ये रेसिपी शेयर की है आइए जानते हैं. खास बात यह है कि इसमें आप अपनी पसंद के हिसाब से मूंगफली और ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं.

इस रेसिपी में टमाटर और काली मिर्च का इस्तेमाल किया गया है. कुछ लोग व्रत में इन दोनों चीजों का या टमाटर का सेवन नहीं करते हैं. अगर आप भी ये नियम मानते हैं तो इन दोनों के बिना ही साबूदाना खिचड़ी बना सकते हैं. केवल आलू और हरी मिर्च को तेल में भूनकर और ऊपर से कुटी मूंगफली डालकर भी बेहतरीन सूबदाना खिचड़ी तैयार होती है.

साबूदाना खिचड़ी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
साबूदाना खिचड़ी बनाने के लिए आपको साबूदाना, आलू, टमाटर, हरी मिर्च, काली मिर्च, सेंधा नमक, मूंगफली, हरा धनिया और थोड़ा सा तेल चाहिए. आप चाहें तो इसमें काजू और बादाम जैसे ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाली सामग्री अपने व्रत के नियमों के अनुसार ही चुनें.

कैसे बनाएं साबूदाना खिचड़ी
साबूदाना खिचड़ी बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह भिगोकर रख दें. इसे रात में भिगोकर रखने से सुबह तक साबूदाना अच्छी तरह फूल जाता है. हालांकि, इसे कितनी देर भिगोना है, यह साबूदाने के आकार और किस्म पर भी निर्भर करता है.अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ी काली मिर्च डालें. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालकर करीब 2 से 4 मिनट तक पकाएं.

टमाटर जल्दी पकाने के लिए थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं. अब इसमें सेंधा नमक मिलाएं और टमाटर के नरम होने तक पकने दें.जब टमाटर अच्छी तरह पक जाएं, तो इसमें उबले हुए आलू के टुकड़े डाल दें. आलू की मात्रा आप अपने परिवार के सदस्यों और पसंद के हिसाब से रख सकते हैं. इसके बाद भीगा हुआ साबूदाना कड़ाही में डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.

धीमी आंच पर पकाएं और चलाते रहें
अब साबूदाने को धीमी आंच पर कुछ देर तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें. जब साबूदाना अच्छी तरह पक जाए और उसके दाने नरम व हल्के पारदर्शी दिखने लगें, तो इसमें मूंगफली डालकर मिला दें. अगर आपको ड्राई फ्रूट्स पसंद हैं, तो काजू और बादाम भी डाल सकते हैं. आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर खिचड़ी को गार्निश करें.

इन छोटी बातों का रखें ध्यान
साबूदाना खिचड़ी बनाते समय सबसे जरूरी है कि साबूदाना सही तरीके से भीगा हुआ हो. अगर इसमें बहुत ज्यादा पानी रह जाता है, तो खिचड़ी चिपचिपी हो सकती है. वहीं, इसे लगातार बहुत देर तक पकाने से भी दाने आपस में चिपक सकते हैं. इसलिए साबूदाना डालने के बाद इसे जरूरत के मुताबिक ही पकाएं.काली मिर्च और हरी मिर्च खिचड़ी का स्वाद बढ़ाती हैं, जबकि मूंगफली से इसमें कुरकुरापन आता है. अगर आप इस नवरात्रि व्रत में कुछ आसानी से बनने वाली रेसिपी बनाना चाहते हैं तो इस आसान तरीके से साबूदाना खिचड़ी बनाकर देख सकते हैं.



Source link