Last Updated:
Atar Singh Bhadana Death News: राजस्थान के भरतपुर जिले में लीज के रास्ते को लेकर हुआ विवाद जानलेवा बन गया. वैर थाना क्षेत्र के रायपुर भौंड़ा गांव में ग्रामीणों और बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के पक्ष के लोगों के बीच हुई मारपीट में पूर्व विधायक गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना में उनका गनमैन भी घायल हुआ है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
भरतपुर में हुए रास्ते के विवाद को लेकर हुए हिंसक झड़प में घायल पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत
भरतपुर. राजस्थान में लीज के लिए रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के रायपुर भौंड़ा गांव में ग्रामीणों और पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के लोगों के बीच हुए झगड़े में पूर्व विधायक गंभीर रूप से घायल हो गए. मारपीट में उनके गनमैन को भी चोटें आईं. गंभीर हालत में अतर सिंह भड़ाना को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन वह जयपुर पहुंच पाते, उससे पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई. देर रात चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि की.
घटना के बाद इलाके में तनाव और हलचल का माहौल है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उनकी धरपकड़ के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है. रायपुर भौंड़ा गांव में लीज के लिए जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. इसी मुद्दे पर कल देर शाम ग्रामीणों और पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया. इस दौरान हुई मारपीट में अतर सिंह भड़ाना और उनके गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गए.
पूर्व विधायक ने जयपुर पहुंचने से पहले तोड़ा दम
जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया. उन्हें पहले दौसा जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत का आकलन किया. भड़ाना को तत्काल चिकित्सकीय देखरेख में लिया और सीपीआर दिया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर लगातार सीपीआर देते रहे. इसके बाद उन्हें लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया, ताकि जयपुर ले जाते समय भी उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सके. अस्पताल ने ज्यादा समय गंवाए बिना उन्हें रेफर करने की प्रक्रिया पूरी की. उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. जयपुर पहुंचने से पहले हुई इस मौत की देर रात चिकित्सकों ने पुष्टि की.
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
पूर्व विधायक की मौत की खबर सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है. मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस घटना के पीछे की वजह, विवाद की परिस्थितियों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.