रांची: झारखंड में दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है. मौसम विभाग ने आज सोमवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. वहीं, कल भी मौसम का यही हाल रहने वाला है. दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ और पंडालों की भव्य तैयारियों को देखते हुए प्रशासन और पूजा समितियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
12 और 13 अक्टूबर को ज्यादा असर
मौसम केंद्र रांची के अनुसार 12 और 13 अक्टूबर को मौसमी गतिविधियां अधिक तीव्र हो सकती हैं. 12 अक्टूबर को हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी समेत आसपास के जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 13 अक्टूबर को हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, रांची सहित उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में मौसम खराब रहने की संभावना है.
पूजा पंडालों और व्यवस्था पर पड़ेगा असर
राजधानी रांची समेत राज्यभर में शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगती है. ऐसे में अचानक मौसम बिगड़ने से पंडाल परिसरों में व्यवस्था संभालने में कठिनाई आ सकती है. तेज हवाओं से पंडालों के बाहर लगे अस्थायी होर्डिंग, सजावटी सामान और कपड़े के पर्दे प्रभावित हो सकते हैं.
हल्की बारिश से गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार गढ़वा को छोड़कर पलामू, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, अगले पांच दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. 14 और 15 अक्टूबर को सुबह में कोहरा छाने और बाद में आंशिक बादल रहने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में देवघर के मोहनपुर में सबसे अधिक 4.6 मिमी बारिश हुई. राज्य में सबसे ज्यादा तापमान जगन्नाथपुर में 34 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा.