लोकप्रियता नहीं, टीम संयोजन भी अहम, सूर्यवंशी के चयन में क्या है पेंच? मुजफ्फरपुर के क्रिकेटरों ने बताई वजह

लोकप्रियता नहीं, टीम संयोजन भी अहम, सूर्यवंशी के चयन में क्या है पेंच? मुजफ्फरपुर के क्रिकेटरों ने बताई वजह


होमखेलक्रिकेट

लोकप्रियता नहीं, टीम संयोजन भी अहम, सूर्यवंशी के चयन में क्या है पेंच?

Last Updated:

Vaibhav Suryavanshi: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिलने पर मुजफ्फरपुर के खिलाड़ियों और कोच ने उन्हें धैर्य रखने और टीम संयोजन को अहम बताया है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

मुजफ्फरपुर: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चाएं तेज हैं. आईपीएल में अपने बल्ले से बड़े-बड़े गेंदबाजों के सामने जलवा दिखाने वाले वैभव को अब तक प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है. खास बात यह है कि भारतीय टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के बाद अपने देश में हो रही सीरीज में उन्हें अब तक मैदान पर उतरने का अवसर नहीं मिला है. इसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है.

इसी मुद्दे पर लोकल 18 की टीम मुजफ्फरपुर के आरडीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान पहुंची. यहां बबलू इलेवन क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों, कोच और खेल प्रेमियों से बातचीत की गई. ज्यादातर लोगों ने वैभव की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें धैर्य रखने की सलाह दी. कुछ खिलाड़ियों का मानना है कि युवा क्रिकेटर को मौका मिलना चाहिए, ताकि वह अपनी क्षमता साबित कर सकें.

सीनियर खिलाड़ियों को भी मौका देना जरूरी
क्रिकेट खिलाड़ी मानस राज और आयुष आनंद ने कहा कि भारतीय टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में टीम प्रबंधन के लिए प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना आसान नहीं होता. आयुष आनंद का कहना है कि युवा खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए, लेकिन लंबे समय से टीम के लिए खेलने वाले सीनियर खिलाड़ियों के अनुभव को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक वैभव के पास अभी लंबा करियर है और उन्हें आगे भी कई अवसर मिल सकते हैं.

कोच बोले- प्रतिभा है, बस मौके का इंतजार
बबलू इलेवन क्रिकेट एकेडमी के कोच अविनाश कोर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को मौका जरूर मिलना चाहिए, लेकिन भारतीय टीम का स्क्वॉड काफी मजबूत है. अनुभवी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए टीम संयोजन के कारण युवा खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने में देरी हो सकती है. उन्होंने कहा कि वैभव ने आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया है. उनका अभ्यास और मौजूदा लय अच्छी है. ऐसे में उन्हें मौका मिलने पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. कोच ने उम्मीद जताई कि सीरीज के आगामी मुकाबलों में वैभव को खेलने का अवसर मिल सकता है.

टीम के साथ रहना भी अनुभव बढ़ाता है
खेल प्रेमी राजेश मिश्रा ने कहा कि पांच मैचों की सीरीज में टीम प्रबंधन को पिच, टीम संयोजन और परिस्थितियों के हिसाब से फैसले लेने होते हैं. किसी खिलाड़ी का टीम में शामिल होना और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ समय बिताना भी उसके विकास में मदद करता है. उन्होंने कहा कि वैभव अभी काफी युवा हैं. उनके सामने लंबा करियर है. ऐसे में उन्हें धैर्य रखना चाहिए और टीम के साथ मिले अनुभव का फायदा उठाना चाहिए.

लोकप्रियता नहीं, टीम संयोजन भी अहम
वैभव को मौका नहीं मिलने पर कुछ लोग उनकी बढ़ती लोकप्रियता को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं. आरडीएस कॉलेज में मिले खिलाड़ियों और कोच की राय में टीम चयन को केवल लोकप्रियता से जोड़कर देखना उचित नहीं है. उनके मुताबिक प्रदर्शन, अनुभव और टीम की जरूरतें भी अहम होती हैं. फिलहाल मुजफ्फरपुर के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी को आगामी मुकाबलों में मौका मिल सकता है. अब देखना होगा कि भारतीय टीम प्रबंधन उन्हें प्लेइंग इलेवन में कब शामिल करता है. मौका मिलने पर वह अपने प्रदर्शन से किस तरह प्रभावित करते हैं.



Source link