‘तेलचट्टों और झींगुरों से निपटना जानते हैं’, CJP प्रदर्शनकारियों पर भड़के जीतन राम मांझी, SIR पर विपक्ष के विरोध को बताया साजिश


Last Updated:

CJP Protest Delhi Jitan Ram Manjhi remark: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आज के सीजेपी के प्रोटेस्ट और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के लगातार SIR के मुद्दे पर हंगामे पर सवाल उठाया है. मांझी ने विरोध कर रहे लोगों पर हमला बोलते हुए इसे देश विरोधी साजिश बताया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Top Deals Inside

'तेलचट्टों- झींगुरों से निपटना जानते हैं', CJP प्रदर्शनकारियों पर भड़के मांझीZoom

जीतन राम मांझी का सीजेपी प्रोटेस्ट पर हमला

पटना. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर (SIR) के विरोध में दिल्ली में हुए प्रदर्शन को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है. इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि भारत माता ने ऐसे शेर पैदा किए हैं, जो कॉकरोच और झींगुरों से नहीं डरते. मांझी ने प्रदर्शनकारियों पर युवाओं का इस्तेमाल कर भ्रामक राजनीतिक एजेंडा चलाने का आरोप भी लगाया.

‘कॉकरोच और झींगुरों से नहीं डरते मोदी-शाह’

जीतन राम मांझी ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत की धरती शेरों की धरती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे नेता किसी चुनौती से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पता है कि तिलचट्टों और झींगुरों से कैसे निपटना है.

प्रदर्शन को बताया देश विरोधी साजिश

जीतन राम मांझी ने सीजेपी के प्रदर्शनकारियों पर सीधा हमला बोला और प्रदर्शन के पीछे की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे देश विरोधी साजिश करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के नाम पर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है और उनका इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे के लिए हो रहा है. उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व विरोध और चुनौतियों से निपटना जानता है.

केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट

SIR और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन

दिल्ली में सीजेपी और विपक्षी दलों से जुड़े नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर प्रदर्शन किया. विपक्षी दलों ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. वहीं, चुनाव आयोग की ओर से SIR को मतदाता सूची की जांच और संशोधन की प्रक्रिया बताया गया है.

विपक्ष पर हमलावर हुए मांझी

दरअसल, सीजेपी के प्रोटेस्ट और राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के लगातार प्रोटेस्ट को लेकर अब सरकार की तरफ से भी पलटवार हो रहा है. बीजेपी के हमले के बाद सहयोगी दलों ने भी मोर्चा खोला है. सरकार के बड़े दलित चेहरे और वरिष्ठ मंत्री ने कॉक्रोच का नाम लेकर मोर्चा खोल दिया है. यह बीजेपी और सहयोगियों की उस रणनीति का हिस्सा है जिसमें सीजेपी को अराजकता फैलाने वाली जमात के तौर पर बताया जा रहा है.



Source link