Last Updated:
Road Update : हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम शहर की सड़कों को सुधारने के लिए 30 दिन का चैलेंज जारी किया है. इस चैलेंज के तहत शहर की 100 सड़कों को सुधारा जाएगा. अगर कोई नागरिक किसी खामी की शिकायत करता है और उसे तय समय में सुधारा नहीं जाता तो उन्हें 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और इस रकम को संबंधित कर्मचारियों की सैलरी से काटा जाएगा.
गुरुग्राम में 7 नवंबर तक 100 सड़कों का सुधार किया जाएगा.
नई दिल्ली. हरियाणा सरकार ने 30 दिन के चैलेंज के तहत गुरुग्राम की 100 सड़कों को चकाचक करने का प्लान बनाया है. सरकार ने इसके लिए 7 नवंबर तक की डेडलाइन दी है. इस योजना के तहत 500 मीटर से ज्यादा लंबी सड़कों का चुनाव किया जाएगा और इसकी सतह को सुधारने के साथ, फुटपाथ, स्ट्रीटलाइट, लेन की मार्किंग सहित अन्य सभी सुंदरीकरण को भी अंजाम दिया जाएगा. कुल मिलाकर सरकार ने 7 नवंबर तक शहर की ज्यादातर सड़कों को सुधारकर बेहतर बनाने की तैयारी कर ली है.
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ऑफ गुरुग्राम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने मिलकर इस योजना पर काम शुरू किया है. इसके साथ ही सरकार ने तय समय के भीतर शिकायतों के निपटान के लिए भी व्यवस्था शुरू की है. इसके तहत सड़कों पर गड्ढों, गंदगी-कूडा और सीवर जैसी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा. योजना के तहत अधिकारियों की बैठक में 30 दिनों के भीतर 100 सड़कों को सुधारने की योजना बनाई गई है. मुख्य सिचव राजेश कुमार ने कहा है कि यह योजना सड़कों की नियमित मरम्मत से अलग होगी.
100 सड़कों पर क्या-क्या काम होगा
हरियाणा सरकार ने 30 दिन की योजना के तहत गुरुग्राम शहर की 100 सड़कों के सभी गड्ढे भरने के साथ स्ट्रीट लाइट को सुधारने, लेन की मार्किंग पूरी करने, फुटपाथ को दोबारा बनाने, सभी साइन बोर्ड सुधारने के साथ उसका सुंदरीकरण किया जाएगा. अथॉरिटीज का कहना है कि सड़कों को सुंदर बनाने के साथ ही इसके आसपास फैली गंदगी और कूड़े के ढेर को भी हटाया जाएगा.
तय होगी सभी की जिम्मेदार
सरकार ने इन सड़कों को सुधारने के साथ ही इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की है. इसके लिए सभी चुनी गई सड़कों पर सूचना बोर्ड भी लगाया गया है. इन बोर्ड पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिसे स्कैन करके आम नागरिक काम की पूरी डिटेल हासिल कर सकते हैं. इसमें विभाग के जिम्मेदार अधिकारी का नाम, सड़कों को सुधारने की शुरुआत की तारीख और इसे पूरा करने की डेडलाइन भी पता चलेगी. सरकार ने अधिकारियों से कहा है कि गुरुग्राम में 10 सड़कों को खासतौर से सुधारा जाए, ताकि इन्हें सफाई और नागरिक सुविधाओं के मामले में नजीर माना जा सके.
शिकायत करने वाले को मिलेगा इनाम
सरकार ने किसी भी खामी की शिकायत करने वाले नागरिकों को 5,000 रुपये इनाम देने का ऐलान किया है. इसके लिए 24 घंटे का चैलेंज भी शुरू किया गया है. इसमें नागरिक किसी भी बड़े कचरे के ढेर, सड़कों पर बने गड्ढे, ओवरफ्लो होती नालियों और खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायतें कर सकते हैं. इन शिकायतों की प्रकृति के हिसाब से संबंधित विभाग को 24, 48 या 72 घंटे में उसे सुधारना होगा. बाद में इसका निरीक्षण किया जाएगा और अगर इसमें कोई खामी पाई जाती है तो शिकायत करने वाले नागरिक को 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और इसकी वसूली कर्मचारी से की जाएगी.