भोपाल में मौसम साफ तो ग्वालियर-दतिया में बारिश, मध्य प्रदेश के मौसम का ताजा हाल

भोपाल में मौसम साफ तो ग्वालियर-दतिया में बारिश, मध्य प्रदेश के मौसम का ताजा हाल


जबलपुर. मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद दिन में गर्मी, तो रात में ठंड महसूस हो रही है. पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. इंदौर में न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. राजधानी भोपाल, विदिशा, धार, उज्जैन, पचमढ़ी समेत लगभग सभी जिलों में पारा लगातार गिर रहा है. दिन में तेज धूप के चलते गर्मी और उमस का असर बरकरार है लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट होने से राहत महसूस हो रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर माह में बारिश, गर्मी और ठंड का ट्रेंड इसी तरह बरकरार रहेगा. IMD द्वारा 6 अक्टूबर से लेकर 12 अक्टूबर तक पूर्वी और उत्तरी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान बताया गया. सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मऊगंज, छतरपुर, रीवा, सतना समेत ज्यादातर पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई. वहीं उत्तरी भाग भी इससे अछूता नहीं है. आज यानी 11 अक्टूबर 2026, दिन रविवार को चार जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है. इन जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज मुरैना, भिंड, ग्वालियर और दतिया में आंधी-तूफान और वज्रपात के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं. इन चारों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश के कुछ उत्तरी जिलों में 12 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा. IMD ने प्रभावित जिले वासियों से सावधान रहने की अपील की है. आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों पर न रहें. इस दौरान टिन शेड, हल्की नुकीली या धारदार वस्तुओं आदि के आसपास भी न खड़े हों.

भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी और उमस महसूस होगी, तो वहीं शाम होते-होते तापमान में गिरावट होने से थोड़ी राहत मिलेगी. प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी आज कुछ इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा. आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और फर्क दिखेगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस तालुन (बड़वानी) में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस इंदौर में रिकॉर्ड हुआ.

एमपी में 24 जून को हुई थी मानसून की एंट्री
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है. मानसून ने इस साल राज्य में 24 जून को एंट्री ली थी और तीन अक्टूबर को विदाई ली. प्रदेश में मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस मानसून सीजन में 908.4 मिमी (35.8 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से चार फीसदी कम है. पूर्वी राज्यों में चार प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई. वहीं पश्चिमी राज्यों में 12 फीसदी कम बारिश हुई. भोपाल, ग्वालियर, कटनी, राजगढ़ समेत प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं 30 जिलों में कम बारिश हुई, जिनमें जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, रीवा और सागर भी शामिल हैं.



Source link