व्हाइट हाउस में ट्रंप ने चुनी अपनी नई ‘आवाज’, केटी जकारिया बनेंगी प्रेस सचिव
Last Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल की कम्युनिकेशन एडवाइजर केटी जकारिया को व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी पद का ऑफर दिया है. कैरोलिन लेविट के अगस्त में पद छोड़ने के बाद यह जिम्मेदारी खाली थी. जकारिया इससे पहले अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग में प्रवक्ता और रिपब्लिकन राजनीति से जुड़े संगठनों में काम कर चुकी हैं.
केटी जकारिया. (X)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है. कैरोलिन लेविट ने अगस्त में व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी का पद छोड़ दिया था. इसके बाद इस अहम जिम्मेदारी के लिए केटी जकारिया का नाम सामने आया है. ट्रंप के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल की कम्युनिकेशन एडवाइजर केटी जकारिया को व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है. उन्होंने जकारिया को अपने ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) अभियान का वफादार समर्थक बताते हुए भरोसा जताया कि वह इस अहम जिम्मेदारी को अच्छी तरह संभालेंगी हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वह इस जिम्मेदारी को स्वीकार करेंगी या नहीं. अगर जकारिया यह ऑफर स्वीकार कर लेती हैं, तो उन्हें अगले महीने होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से पहले ट्रंप प्रशासन की नीतियों और फैसलों को मीडिया के सामने रखने की बड़ी जिम्मेदारी संभालनी होगी.
कौन हैं केटी जकारिया?
केटी जकारिया रिपब्लिकन राजनीति और कंजर्वेटिव राजनीतिक संगठनों के साथ काम करने का अनुभव रखती हैं. फिलहाल उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल में उन्हें ट्रुथ सोशल और ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप की सीनियर कम्युनिकेशन एडवाइजर बताया गया है. जकारिया इससे पहले अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी) में प्रवक्ता के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. हालांकि, उन्होंने मार्च में यह पद छोड़ दिया था. उनका जुड़ाव कैलिफोर्निया के रूढ़िवादी संगठन फिक्स कैलिफोर्निया से भी रहा है. यह संगठन डेमोक्रेटिक पार्टी के मजबूत प्रभाव वाले राज्य में रूढ़िवादी राजनीतिक विचारों को आगे बढ़ाने की कोशिश करता है. संगठन की शुरुआत रिचर्ड ग्रेनेल ने की थी, जो ट्रंप के विशेष दूत के तौर पर भी काम कर चुके हैं. जकारिया ने पेपरडाइन यूनिवर्सिटी के लॉ स्कूल से पढ़ाई की है. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 2006 में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी में इंटर्न के तौर पर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी.
ट्रंप प्रशासन में क्या होगी उनकी भूमिका?
व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी अमेरिकी राष्ट्रपति प्रशासन के सबसे प्रमुख सार्वजनिक चेहरों में से एक होता है. इस पद पर रहने वाले व्यक्ति को नियमित प्रेस ब्रीफिंग करनी होती है, पत्रकारों के सवालों का जवाब देना होता है और प्रशासन की नीतियों का पक्ष रखना होता है. ऐसे में जकारिया के सामने सिर्फ मीडिया से बातचीत करने की जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि ट्रंप के फैसलों को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब देना भी अहम काम होगा.
कैरोलिन लेविट ने क्यों छोड़ा था पद?
कैरोलिन लेविट ने जनवरी 2025 में ट्रंप के दोबारा सत्ता में लौटने के बाद व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी संभाली थी. उस समय 27 साल की उम्र में वह अमेरिकी इतिहास की सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी बनी थीं. ट्रंप की करीबी समर्थक मानी जाने वाली लेविट ने इससे पहले उनके 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान भी प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर काम किया था.