Last Updated:
Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 अक्टूबर से देवास गेट बस स्टैंड पर बसों की आवाजाही पूरी तरह बंद होगी. सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच अब सभी बसें नानाखेड़ा बस स्टैंड से चलेंगी. अगर कोई नियम तोड़ता पाया जाता है तो उन संचालकों का परमिट और आरसी रद्द हो सकता है.
Dewas Gate Bus Stand Closed: उज्जैन में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है. प्रशासन ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. 12 अक्टूबर से देवास गेट बस स्टैंड पर बसों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी. इसके बाद शहर आने-जाने वाली सभी बसें नानाखेड़ा बस स्टैंड से चलेंगी. यह ऑर्डर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और संभागायुक्त स्तर पर लिया गया है. इससे पहले जुड़े विभागों के प्रतिनिधियों और बस संचालकों के साथ चर्चा की गई. फिर चर्चा के बाद ही नई व्यवस्था लागू करने के आदेश जारी हुए हैं.
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कहा है कि तय व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. इसमें चालान काटने के साथ परमिट रद्द करना, आरसी कैंसिल करना और कोर्ट में कार्रवाई जैसे कदम शामिल हैं.
क्यों करना पड़ा बदलाव
सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों के पहुंचने की संभावना है. इसके लिए शहर में सड़कों को चौड़ा करने, एलिवेटेड ब्रिज बनाने और दूसरे विकास कार्य भी चल रहे हैं. ऐसे में देवास गेट क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम करना जरूरी था, ताकि निर्माण कार्य आसानी से पूरे हो सकें.
नानाखेड़ा में मिलेंगी ये सुविधाएं
नानाखेड़ा बस स्टैंड पर बसों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह दी जाएगी. यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा. नगर निगम की ओर से यहां पीने का पानी, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. प्रस्तावित व्यवस्था में बस स्टैंड के संचालन और मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी नगर निगम को सौंपने का प्रावधान है.
यात्री रखें इस बात का ध्यान
अब 12 अक्टूबर से यात्रियों को देवास गेट की जगह नानाखेड़ा बस स्टैंड से बसें मिलेंगी. इसलिए सफर पर निकलने से पहले इस बदलाव की जानकारी जरूर रखें, ताकि आखिरी समय में परेशानी न हो. प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को रफ्तार मिलेगी.