नया राशन कार्ड बनवाना है तो तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया

नया राशन कार्ड बनवाना है तो तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया


अगर आपका अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है और आप सरकारी राशन योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. कई बार जानकारी के अभाव में लोग राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन नहीं कर पाते हैं. किसी को जरूरी दस्तावेजों की जानकारी नहीं होती, तो कोई आवेदन की प्रक्रिया को लेकर परेशान रहता है. ऐसे में आवेदन करने से पहले जरूरी कागजात तैयार कर लेने चाहिए, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी न हो.

राशन कार्ड गरीब और पात्र परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है. इसके माध्यम से पात्र परिवारों को सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ मिल सकता है. राशन कार्ड का इस्तेमाल कई जगह परिवार की पहचान और पते से संबंधित दस्तावेज के रूप में भी किया जाता है. हालांकि, राशन कार्ड बनवाने के लिए परिवार को निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होता है.

राशन कार्ड बनवाने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

राशन कार्ड के लिए आवेदन करने से पहले जरूरी दस्तावेजों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है. बातचीत के दौरान सुरजीत कुमार बताते हैं कि आवेदन की तैयारी करते समय परिवार के मुखिया और परिवार के अन्य सदस्यों से संबंधित दस्तावेज तैयार रखने चाहिए.

उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए आय प्रमाण पत्र महत्वपूर्ण दस्तावेजों में शामिल है, जिसे तहसील के माध्यम से बनवाया जाता है. इसके अलावा, परिवार के मुखिया और परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की जरूरत होती है. आवेदन के लिए पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी अपलोड की जाती है.

ऑनलाइन कैसे करें आवेदन?

राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया काफी सरल है. आप इसे ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल या अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा जन सेवा केंद्र के माध्यम से पूरा कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपने पास रख लेनी चाहिए, ताकि आवेदन के समय डिजिटल कॉपी अपलोड करने में आसानी हो.

इसके लिए पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें और फिर लॉगिन करें. इसके बाद नए राशन कार्ड के आवेदन से संबंधित लिंक पर क्लिक करें. फॉर्म में परिवार के मुखिया की जानकारी, पता, बैंक खाते और आय से संबंधित जानकारी सही-सही भरें. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के नाम और उनके आधार नंबर दर्ज करें. फिर आवेदक की फोटो, घर की फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. इसके बाद आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें. अंत में, आवेदन की रसीद प्रिंट करके अपने पास रख लें.

आवेदन के बाद होगा वेरिफिकेशन

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आपका फॉर्म जांच के लिए बीडीओ (BDO) या क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति निरीक्षक के पास भेजा जाएगा. इसके बाद भौतिक सत्यापन किया जाएगा. इसके बाद 30 दिनों के अंदर डिजिटल राशन कार्ड जारी कर दिया जाता है.

राशन कार्ड की श्रेणियों के अनुसार मिलता है राशन

पात्र गृहस्थी राशन कार्ड (PHH): इस श्रेणी में परिवार के प्रत्येक सदस्य को प्रति माह 5 किलो अनाज (गेहूं और चावल) मिलता है. उदाहरण के लिए, यदि परिवार में 4 सदस्य हैं, तो उन्हें कुल 20 किलो राशन मिलेगा.

अंत्योदय अन्न योजना राशन कार्ड (AAY): इस श्रेणी के अत्यंत गरीब परिवारों को सदस्यों की संख्या पर ध्यान दिए बिना पूरे परिवार के लिए प्रति माह 35 किलो राशन (गेहूं और चावल) दिया जाता है.



Source link