किस मिट्टी के बने हैं शाई होप? 38.3 ओवर मैदान पर बिताकर भी नहीं थके, ठोका शतक
Last Updated:
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के खिलाफ के दूसरे टी20 मैच में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 102 रन बनाए. उनकी इस शतकीय पारी से वेस्टइंडीज ने रांची में 6 विकेट से मैच जीतकर 1-1 से सीरीज में बराबरी कर ली है. इसके साथ ही शाई होप और वेस्टइंडीज के नाम कई बड़े रिकॉर्ड भी दर्ज हो गए हैं.
शाई होप जड़ी रिकॉर्ड सेंचुरी
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप इस समय अपने प्रचंड फॉर्म से गुजर रहे हैं. पहले वनडे सीरीज और अब भारत के खिलाफ टी20 में वह रनों का अंबार लगा रहे हैं. रांची में खेले गए दूसरे टी20 में उन्होंने 45 गेंदों में नाबाद 102 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई. शाई ने कुल 38.3 ओवर मैदान पर बिताई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. पहले होप ने 20 विकेटकीपिंग की और फिर 18.3 ओवर तक बल्लेबाजी में क्रीज पर खड़े रहे. इस दमदार शतकीय पारी के साथ ही शाई होप ने कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए.
भारत के खिलाफ शाई होप ने वेस्टइंडीज के लिए टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का कारनामा किया है. होप ने 45 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की. वेस्टइंडीज के लिए टी20 में जॉनसन चार्ल्स के नाम सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. चार्ल्स ने साल 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था. इससे पहले दूसरे नंबर पर क्रिस गेल थे. गेल ने साल 2016 के टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जड़ा था, लेकिन अब शाई होप ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है.
शाई होप ने जड़ा भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक
शाई होप भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इसी साल इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भी भारत के सामने 45 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी. अब शाई होप भी उतनी ही गेंदों में शतक जड़कर बेथेल की बराबरी पर आ खड़े हुए हैं.
वेस्टइंडीज के लिए टी20 में होप का दूसरा शतक
शाई होप टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं. वेस्टइंडीज के लिए यह उनका दूसरा शतक था. होप से पहले सिर्फ एविन लुईस और क्रिस गेल ने ही कैरेबियाई टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल में 2-2 शतक लगाने का कारनामा किया था.
वेस्टइंडीज ने किया टी20 में दूसरा सबसे बड़ा रन चेज
शाई होप की शतकीय पारी की बदौलत वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 क्रिकेट में दूसरा सबसे सफल रन चेज अपने नाम दर्ज किया. मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 249 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था.
इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाकर मैच जीत लिया. मेन्स टी20 में सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम है; साउथ अफ्रीकी टीम ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 259 रनों का सफल रन चेज किया था.