Aaj Ka Mausam: भारत पर एक और तूफानी वेदर सिस्टम का साया गहराने लगा है. नई मौसम प्रणाली विदेश से भारत की ओर बढ़ रही है. वेदर एक्सपर्ट्स ने नए मौसमी चूरन की वजह से बंगाल की खाड़ी का हाजमा खराब होने की आशंका जताई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, थाईलैंड की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन यानी चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से अंडमान सागर में 11 अक्टूबर 2026 तक हलचल बढ़ सकती है. यह सिस्टम इसके बाद आगे बढ़ेगा, जिससे बंगाल की खाड़ी में 13 अक्टूबर तक लो-प्रेशर बन सकता है. इसका असर तटवर्ती राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के साथ ही बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. उधर, देश के उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. IMD के अनुसार, बारिश के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसकी गति झोंकों के साथ 60 KMPH तक पहुंच सकती है.
IMD के अनुसार, देश के कई हिस्सों में अगले 6 दिनों के दौरान बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में 10 से 15 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. उत्तराखंड में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है.
थाईलैंड की खाड़ी में चक्रवात जैसा माहौल
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी, थाईलैंड की खाड़ी के आसपास, पूर्वी उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा अन्य मौसमी प्रणालियों का असर देश के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई देगा. इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी मौसमी गतिविधि भी सक्रिय है. इन प्रणालियों के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के साथ पूर्वी, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में 15 अक्टूबर तक बारिश के आसार
IMD ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विज्ञानियों के अनुसार, देश की राजधानी और आसपास के इलाकों में 10 से 15 अक्टूबर 2026 तक बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार सामान्य से ज्यादा रह सकती है. दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है. हालांकि, मौसम विभाग के बुलेटिन में दिल्ली के लिए अलग से भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है. पूर्वानुमान मुख्य रूप से अलग-अलग स्थानों पर बारिश और कुछ दिनों में गरज-चमक तथा तेज हवाओं की संभावना दर्शाता है.
हरियाणा में 10 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 से 15 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान 10 से 12 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है.
पंजाब में 10 से 15 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश होने के आसार
IMD के मुताबिक, पंजाब में भी 10 से 15 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश होने के आसार हैं. यहां 10 से 12 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
उत्तराखंड में 10 अक्टूबर को तेज हवाओं संग बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में 10 से 15 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. राज्य में कई स्थानों पर बारिश का अपेक्षाकृत व्यापक असर देखने को मिल सकता है. इस दिन गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. 10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश में 10 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. राज्य में 10 और 13 अक्टूबर को गरज-चमक तथा बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने पर्वतीय राज्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के लिए भी पूर्वानुमान जारी किया है. यहां 11 और 14-15 अक्टूबर को छिटपुट बारिश के आसार हैं. 10 और 13 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. 10 अक्टूबर और 13-14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है.
उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर को हो सकती है बारिश
IMD ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 10 से 11 अक्टूबर के बीच और पूर्वी हिस्से में 10 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में 10 अक्टूबर को आंधी-बारिश का रहेगा असर
राजस्थान में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी राजस्थान में 10-11 अक्टूबर और फिर 13-14 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं. पूर्वी राजस्थान में 10 और 11 अक्टूबर को छिटपुट बारिश हो सकती है. 10-11 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 10 अक्टूबर को ऐसी मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं.
बिहार में 10 अक्टूबर को 40 KMPH की रफ्तार वाली हवा और बारिश के आसार
पूर्वी भारत के अहम राज्य बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार बने हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 10 और 11 अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और इसके साथ बारिश होने की संभावना है. बता दें कि एक-दो सप्ताह पहले जब बंगाल की खाड़ी में तूफान उठा था, बिहार के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश हुई थी. इस वजह से कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गए थे. कुल मिलाकर बिहार में 10 से 11 अक्टूबर और फिर 15 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.
झारखंड में शनिवार को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने झारखंड के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी की मानें तो झारखंड में 10 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. प्रदेश में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. तेज हवा का भी प्रकोप रह सकता है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने आमलोगों से सतर्कता बरतने को कहा है.
पूर्वी भारत में बारिश, अंडमान-निकोबार में भारी वर्षा के आसार
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में 10 अक्टूबर और 14-15 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10-11 अक्टूबर को बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 10 अक्टूबर और फिर 12 से 15 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है. 10-11 अक्टूबर को यहां कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 13-14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान भी जताया है.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की संभावना जताई है. अरुणाचल प्रदेश में 10 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका है. राज्य में 11 और 15 अक्टूबर को भी छिटपुट बारिश के आसार हैं. असम और मेघालय में 10 से 11 अक्टूबर तथा 13 से 15 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है. इन 4 राज्यों में 13 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर के कई इलाकों में 10 अक्टूबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में 10 अक्टूबर को बारिश के आसार
मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 12 से 15 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर देखने को मिल सकती हैं.
दक्षिण भारत में 15 अक्टूबर तक बारिश का दौर
दक्षिण भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तटीय कर्नाटक सहित कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 10 से 15 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 10 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं, जबकि 11 से 15 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस बीच, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में 10 अक्टूबर को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, बिजली गिरने, तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.