इंदौर में रिंग रोड बनने का रास्ता बिल्कुल साफ, जाम से पूरी तरह से मिलेगी मुक्ति; 2 लाख लोगों को फायदा


Last Updated:

Indore Ring Road Extension: इंदौर शहर के बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए RE-2 (रिंग रोड एक्सटेंशन) सड़क बनने का रास्ता बिल्कुल साफ हो गया है. इसे मुख्यमंत्री मोहन यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया जा रहा है. पिछले तीन साल से अतिक्रमण और मकानों की बाधा के कारण अटकी इस सड़क को पूरा करने के लिए नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ा रिमूवल अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान 200 से ज्यादा मकानों और बाधक निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया. करीब एक किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क निर्माण की बाधाएं हटाई गई हैं. अब रोड बनने से करीब 2 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा.

Top Deals Inside

इंदौर में रिंग रोड बनने का रास्ता साफ, जाम से छुटकारा; 2 लाख लोगों को फायदाZoom

इंदौर में अब नहीं लगेगा जाम!

Indore Ring Road Extension: इंदौर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए RE-2 (रिंग रोड एक्सटेंशन) सड़क को मास्टर प्लान के तहत अहम परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है. करीब 4.25 किलोमीटर लंबी और 45 मीटर चौड़ी यह सड़क शहर के पूर्वी हिस्से को बेहतर कनेक्टिविटी देगी. परियोजना का मकसद रिंग रोड, बायपास और शहर के प्रमुख इलाकों के बीच आवागमन को आसान बनाना है.

सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट से बदलेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था
मुख्यमंत्री मोहन यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में देखी जा रही इस सड़क के पूरा होने से विजय नगर, स्टार चौराहा, बंगाली स्क्वायर, पिपलियाहाना, भूरी टेकरी और नायता मुंडला आरटीओ क्षेत्र के बीच आवागमन को फायदा मिलने की उम्मीद है. खास तौर पर रिंग रोड और बायपास के आसपास की टाउनशिप और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा. इससे प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है.

कलेक्टर शिवम वर्मा ने तैयार किया कार्रवाई का ब्लूप्रिंट
RE-2 (रिंग रोड एक्सटेंशन) सड़क की बाधाएं दूर करने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का ब्लूप्रिंट तैयार किया था. कुछ दिन पहले ही उन्होंने नगर निगम को बाधक निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे. इसके बाद जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर सड़क निर्माण का रास्ता साफ किया.

55 करोड़ की लागत से बन चुका है सड़क का बड़ा हिस्सा
RE-2 परियोजना का करीब 3.2 किलोमीटर हिस्सा पहले ही लगभग 55 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा चुका है. लेकिन शेष हिस्से में अतिक्रमण और मकानों के कारण काम लंबे समय से रुका हुआ था. अब बाधक निर्माण हटने के बाद अधूरे हिस्से में सड़क निर्माण आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है.

पिपलियाहाना से शिव नगर तक चला बुलडोजर
प्रशासन की कार्रवाई पिपलियाहाना, बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर सहित प्रभावित क्षेत्रों में की गई. यहां सड़क निर्माण में बाधा बन रहे मकानों और अन्य निर्माणों को हटाया गया. इससे पहले हुई कार्रवाई के दौरान स्थानीय रहवासियों ने विरोध और हंगामा किया था. उस मामले में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई थी.

शहर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से राहत
इंदौर में वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच RE-2 सड़क को वैकल्पिक कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम माना जा रहा है. सड़क पूरी होने के बाद शहर के पूर्वी हिस्से में आवागमन के विकल्प बढ़ेंगे और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. अब सबकी नजर सड़क निर्माण की अगली प्रक्रिया और परियोजना को पूरा करने की समयसीमा पर रहेगी. वही पत्थर फेंकने वाले लोगों पर भी FIR दर्ज हो चुकी है. सीएम ने इस मास्टर प्लान प्रोजेक्ट की नींव रखी थी. इससे 2 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.

(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)



Source link