भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास, होप के शतक से सबसे बड़ा रन चेज किया
Last Updated:
IND vs WI 2nd T20: कप्तान शाई होप के शतक, शेरफेन रदरफोर्ड के अर्धशतक व रोमारियो शेफर्ड की विध्वंसक पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत को दूसरे टी20 में 6 विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही मेहमान विंडीज ने 5 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली.
संजू सैमसन 18 रन से अपना चौथा टी20 इंटरनेशनल शतक चूक गए.
नई दिल्ली. वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ इतिहास रच दिया है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विंडीज ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी रन चेज की है. कप्तान शाई होप के नाबाद शतक के दम पर विंडीज ने दूसरा टी20 मैच 6 विकेट से जीत लिया.
इससे पहले, संजू सैमसन 82 रन की आक्रामक पारी के साथ फॉर्म में लौटे. संजू के साथ श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा की उपयोगी पारियों के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 विकेट पर 249 रन बनाए. वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का यह सर्वोच्च टी20 स्कोर है. इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर चार विकेट पर 244 रन था जो 2016 में बना था. पिछले चार मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद सैमसन ने 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अर्धशतक जमाया. उन्होंने ईशान किशन (22 गेंदों में 43 रन) के साथ 97 रन की साझेदारी की. दोनों ने 11 ओवर के बाद 12 की रनरेट से भारत को एक विकेट पर 139 रन तक पहुंचाया.अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे ईशान ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए.
रोस्टन चेज ने 2 विकेट लिए
ऑफ स्पिनर रोस्टन चेज ने इस साझेदारी को तोड़ा और लगातार दो विकेट लिए. ईशान और शिवम दुबे (सात) दोनों बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हुए. दुबे को चौथे नंबर पर भेजने का फैसला गलत साबित हुआ और वह दस गेंद खेलकर विकेट गंवा बैठे. सैमसन 15वें ओवर में आउट हुए और शतक से 18 रन से चूक गए. स्प्रिंगर की गेंद पर उन्होंने डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर कामिल पूरन को कैच दिया. भारत ने बीच के ओवरों में 23 रन के भीतर तीन विकेट गंवाये. लखनऊ में पिछले मैच में अपना पहला टी20 शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस ने उस लय को कायम रखते हुए 18 गेंद में 40 रन बनाये जबकि तिलक ने 18 गेंद में 44 रन की पारी खेली.
तिलक वर्मा के टी20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे हो गए
तिलक के टी20 क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे हो गए. श्रेयस और तिलक ने 83 रन की साझेदारी 32 गेंद में पूरी की. भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर तेज शुरूआत की. अभिषेक शर्मा ने स्पिनर अकील हुसैन को एक छक्का लगाया जबकि सैमसन को क्रीज पर जमने में समय लगा. उन्हें छह रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला जब हुसैन की गेंद पर कवर में पूरन ने उनका कैच छोड़ा. सैमसन ने इसका पूरा फायदा उठाकर हुसैन को तीन छक्के और दो चौके जड़े. अभिषेक 12 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए.