Last Updated:
Gold-Silver Price : त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले ही सोने और चांदी की कीमतों में उछाल आना शुरू हो गया है. दो दिनों में सोने की कीमत 4,600 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गई है. 9 अक्टूबर को सोने का भाव 1,900 रुपये महंगा हुआ है, जबकि चांदी के भाव में 4,500 रुपये की तेजी आई है.
त्योहारी सीजन से पहले ही सोने और चांदी की कीमत बढ़ने लगी है.
नई दिल्ली. पितृ पक्ष 10 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगा और इसके अगले दिन से ही त्योहारी सीजन की शुरुआत भी हो जाएगी. इससे ठीक पहले ही सोने और चांदी की कीमतों में तगड़ा उछाल देखने को मिला है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 1,900 रुपये चढ़कर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. हाजिर भाव में यह उछाल डॉलर में गिरावट से निवेशकों की धारणा मजबूत होने के कारण आई है और सोने का भाव लगातार दूसरे दिन चढ़ा है.
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 9 अक्टूबर को 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,900 रुपये बढ़कर 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई. बृहस्पतिवार को यह 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही थी. सोने की तरह ही चांदी की कीमत में भी गिरावट का सिलसिला थम गया और यह 4,500 रुपये बढ़कर 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम रही. इससे पहले 8 अक्टूबर को चांदी 3,000 रुपये टूटी थी, जबकि सप्ताह के शुरुआती तीन कारोबारी सत्रों में यह स्थिर रही थी.
क्यों आया कीमतों में बदलाव
ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने बताया कि फॉरेक्स बाजार में डॉलर हाल के उच्च स्तर से नीचे आया है, जिससे महंगाई को लेकर चिंताओं के बावजूद सोने-चांदी जैसी धातुओं की कीमतों को समर्थन मिला और सोने के भाव में तेजी आई. गर्ग ने कहा कि कीमती धातुओं के भाव में व्यापक सुधार से चांदी को भी फायदा हुआ. रुपये की लगातार कमजोरी से आयातित वस्तुओं की घरेलू लागत बढ़ रही है. जाहिर है इसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर भी दिखेगा.
2 दिन में 4,600 रुपये महंगा हुआ सोना
हाल की तेजी से उतार-चढ़ाव भरे सप्ताह के बाद पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत 4,600 रुपये यानी 3.07 फीसदी बढ़ी है. वहीं, घरेलू बाजार में चांदी की कीमत 1,500 रुपये यानी करीब एक फीसदी बढ़ी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने की कीमत 48.35 डॉलर यानी 1.17 फीसदी बढ़कर 4,181.98 डॉलर प्रति औंस हो गई. तीन महीने के निचले स्तर तक गिरने के बाद चांदी की कीमत दो फीसदी उछलकर 60.32 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है.
आगे कैसा दिखेगा सोने-चांदी का भाव
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह का कहना है कि डॉलर सूचकांक और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच हाजिर सोने का कारोबार एक फीसदी से अधिक की तेजी के साथ करीब 4,180 डॉलर प्रति औंस पर रहा.
सिंह ने कहा कि आने वाले समय में सोने की कीमत सीमित दायरे में रह सकती है और इनमें मामूली तेजी का रुख बना रह सकता है. हालांकि, तेल की कीमतों में अचानक तेजी आने से सोने की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है. इसका मतलब है कि त्योहारी सीजन में सोने का भाव बहुत ज्यादा बढ़ने का अनुमान नहीं है.