लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज लखनऊ के लोकभवन में एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक हुई. यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई. कैबिनेट बैठक के बाद सीएम योगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक स्तर पर यूपी को पहचान दिलाई है. यूपी लगातार विकास की राह भर रहा है. 42 नए राजमार्ग बने हैं. आज कारोबारियों के लिए राह खुल गई है. वहीं, ऐलान किया कि अब जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा.
सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर को देश के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है. सरकार के प्रमुख रूप में अनवरत चल रही समर्पित सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तरप्रदेश का मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन करती है. उत्तर प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री जी उत्तर प्रदेश की धरा से ही लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने सेवा ही समर्पण, और राष्ट्र प्रथम को अपना मूलमंत्र मानते हुए राष्ट्र निर्माण को अपना सर्वोच्च ध्येय बनाया है. प्रधानमंत्री जी की 25 वर्ष की अनवरत यात्रा जनसेवा से जनकल्याण, जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है.
काशी और मां गंगा से गहरा संबंध
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय है. जब प्रधानमंत्री 2014 में काशी आये थे तो उन्होंने कहा था कि मुझे मां गंगा ने बुलाया है. काशी और मां गंगा से आरंभ हुआ आत्मीय संबंध समय के साथ निरंतर गहरा हुआ और आज राज्य के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बना है. केंद्र और राज्य के साझा संकल्प और टीम इंडिया भावना के साथ उत्तर प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है. सर्वविदित है 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता जनजन में असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था. प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश ने गवर्नेंस की नई कार्य संस्कृति को अपनाया. परिणाम स्वरूप सुसाशन सुदृढ कानून व्यवस्था, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल वातावरण उत्तर प्रदेश की पहचान बनकर उभरे हैं. उत्तर प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ नए आयाम स्थापित कर रहा है.
60,000 करोड़ रुपये की लागत से बने राजमार्ग
सीएम ने कहा कि राज्य के विकास को निरंतर अपनी प्राथमिकताओं में रखा है. प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से आज उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का नया मॉडल बनकर उभरा है. प्रदेश में करीब 60,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है. इसी दौरान दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेस में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निर्माण भी पूरा हुआ है.
रेल, मेट्रो और रीजनल रैपिड ट्रांजिट में 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित देश की पहली उच्च गति वाली दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन आरआरटीएस का सफल संचालन शुरू हुआ है. इसके साथ ही लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार भी हुआ है.
देश का पहला फ्रेट विलेज बना
उन्होंने कहा कि नोएडा, जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रदेश अब एयर कनेक्टिविटी की एक नई ऊंचाइयों को छू रहा है. पीएम के प्रयासों से लॉजिस्टिक और आत्मनिर्भर भारत के प्रमुख केंद्र के रूप में उत्तर प्रदेश की पहचान स्थापित हुई है. दादरी में ईस्टर्न एंड वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का प्रमुख जंक्शन स्थापित हुआ है, जिसका 1050 किलोमीटर से अधिक हिस्सा प्रदेश से गुजरता है. वाराणसी में राष्ट्रीय जलमार्ग नंबर 1 पर भारत का पहला मल्टीमॉडल इनलैंड पोर्ट टर्मिनल और 100 एकड़ में फैला देश का पहला फ्रेट विलेज विकसित हुआ है.
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सबका साथ सबका विकास का मूल मंत्र जमीनी धरातल पर पूरी प्रमाणिकता के साथ साकार किया है. प्रदेश के गरीब, वंचित, पिछड़ा, युवा, किसान सहित सर्व समाज के उत्थान के लिए पवित्र और परिणामोन्मुखी प्रयास सरकार द्वारा के द्वारा किए गए हैं. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को बल मिला है. पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक आयोग का दर्जा प्राप्त हुआ है. वहीं आर्थिक रूप से कमजोर ईडब्ल्यूएस को 10% आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय भी इसी नेतृत्व द्वारा लिया गया है.