पार्थिव पटेल का ओपनिंग पार्टनर, जवानी में छोड़ा देश, NZ के लिए खेला 24 टेस्ट
Last Updated:
Jeet Raval Retirement: भारत में पैदा हुए न्यूजीलैंड के पूर्व ओपनर जीत रावल ने प्रोफेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है. किशोरावस्था में ही भारत छोड़कर न्यूजीलैंड जा बसे जीत रावल को कीवी टीम के लिए 24 टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला. अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में जीत रावल, पार्थिव पटेल के साथ मिलकर ओपनिंग करते थे.
जीत रावल ने संन्यास का ऐलान किया
ऑकलैंड: न्यूजीलैंड के लिए 2016 से 2020 के बीच 24 टेस्ट मैच खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज जीत रावल ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. उनका यह फैसला 2026-27 घरेलू सीजन से ठीक पहले आया. भारत में पैदा हुए जीत रावल अहमदाबाद के गुजराती परिवार से ताल्लुक रखते हैं. पिता ने भारत से न्यूजीलैंड में बसने का प्लान बनाया और पूरा परिवार यही आ गया. रावल एक ऑडिटिंग फर्म के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट के तौर पर काम कर रहे हैं. अब संन्यास के बाद शायद यही उनका फुल-टाइम काम होगा.
भारत में पार्थिव पटेल के थे ओपनिंग पार्टनर
जीत रावल जब अहमदाबाद में विद्यानगर स्कूल के लिए खेलते थे, तब पार्थिव पटेल उनके ओपनिंग पार्टनर थे. हालांकि न्यूजीलैंड आने के बाद उन्हें ऑकलैंड के लिए मिडिल ऑर्डर में खेलना पड़ा. लेकिन बाद में वह न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में सबसे सफल ओपनर्स में से एक बन गए. वह पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकल के दौरान न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थे, जिसे कीवियों ने भारत को हराकर जून 2021 में जीता था.
संन्यास लेने के बाद भावुक दिखे जीत
अपने इंटरनेशनल करियर में 24 टेस्ट मैच खेलने वाले 38 साल के जीत रावल ने नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन से कहा:
मैंने पूरे सम्मान के साथ यह फैसला किया है. मुझे शांति और बहुत संतुष्टि महसूस हो रही है. मेरे बचपन का सपना निश्चित रूप से न्यूजीलैंड की तरफ से खेलना था. यह केवल मेरा सपना ही नहीं था बल्कि मेरे पिता का भी सपना था. हमें मौका दिखा और वह परिवार के साथ न्यूजीलैंड आ गए ताकि मैं अपना सपना पूरा कर सकूं.
पाकिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू
जीत रावल ने न्यूजीलैंड की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ नवंबर 2016 में क्राइस्टचर्च में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था, उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में जनवरी 2020 में खेला था. न्यूजीलैंड की तरफ से 24 टेस्ट मैच में 30.07 की औसत से 1143 रन बनाए, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 24 शतक और 50 अर्धशतकों की मदद से 10432 रन बनाए.
न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट का बड़ा नाम थे जीत रावल
लिस्ट A क्रिकेट में जीत रावल ने 96 मैच खेले और 30.15 की औसत से 2714 रन बनाए. T20 में उन्होंने 21.50 की औसत और 121.44 के स्ट्राइक रेट से 1484 रन बनाए. अपने करियर के आखिरी दौर में जीत रावल ने कोचिंग में भी हाथ आजमाया और न्यूजीलैंड के डोमेस्टिक सर्किट में हेड कोच और असिस्टेंट कोच के तौर पर काम किया.