रेलवे कर्मचारी बनकर चलती ट्रेन में करते थे चोरी, SLR कोच काटकर उड़ाते थे पार्सल; 3 गिरफ्तार


Last Updated:

Ujjain News: चोरी का पता उस समय चला, जब 19 सितंबर को अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस के SLR कोच को काटकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी का पार्सल चोरी होने की शिकायत मिली. इसी तरह मुंबई मंडल की एक ट्रेन से भी लेडीज गारमेंट्स चोरी होने की घटना सामने आई थी.

Top Deals Inside

चलती ट्रेनों से पार्सल चोरी, रेलवे कर्मचारी बन वारदात को अंजाम देता था गैंगZoom

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मशरूका बरामद किया है.

रिपोर्ट- अजय कुमार पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश में उज्जैन आरपीएफ ने सूरत आरपीएफ क्राइम ब्रांच और मुंबई मंडल की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेनों में पार्सल चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है. गिरोह के सदस्य रेलवे के मेंटेनेंस कर्मचारी बनकर ट्रेन के एसएलआर यानी लगेज और पार्सल कोच में दाखिल होते थे. इसके बाद इलेक्ट्रिक कटर की मदद से कोच की लोहे की चादर और प्लाईवुड काटकर पार्सल चोरी कर लेते थे. आरोपियों के इस तरीके से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को भी आसानी से शक नहीं होता था.

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब 19 सितंबर 2026 को अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस के एसएलआर कोच को काटकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के पार्सल चोरी किए जाने की शिकायत सामने आई. इसी तरह मुंबई मंडल की एक अन्य ट्रेन से लेडीज गारमेंट्स चोरी होने की घटना भी सामने आई थी. इसके बाद पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई.

उत्तर प्रदेश और बिहार में दबिश
जांच के दौरान आरपीएफ की टीम ने उत्तर प्रदेश और बिहार में दबिश देकर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. इनमें गिरोह का मुख्य सरगना अनिल पटेल भी शामिल है, जिसे वाराणसी से पकड़ा गया. वहीं मोहम्मद विक्की और मोहम्मद जाहिद को बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार किया गया.

रेलवे कर्मचारियों जैसी पहनते थे ड्रेस
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि अनिल पटेल अपने साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था. गिरोह के सदस्य रेलवे मेंटेनेंस कर्मचारियों जैसी ड्रेस पहनते थे और इलेक्ट्रिक कटर से कोच की बाहरी परत काटकर अंदर रखे पार्सल निकाल लेते थे. चोरी करने के बाद आरोपी बीच रास्ते में ही ट्रेन से उतरकर फरार हो जाते थे.

आरपीएफ ने बरामद किया मशरूका
आरपीएफ ने मुख्य आरोपी अनिल पटेल के वाराणसी स्थित गोदाम से 5 लाख 60 हजार रुपये से अधिक कीमत के रेडीमेड लेडीज गारमेंट्स बरामद किए हैं. वहीं दूसरी वारदात से जुड़ी करीब डेढ़ लाख रुपये की आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी जब्त की गई है.

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच सूरत के निरीक्षक अशोक कुमार, उज्जैन के निरीक्षक नरेंद्र यादव और अमलनेर के निरीक्षक सत्यजीत सहित संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही. फिलहाल मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. आरपीएफ की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों और चोरी के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.



Source link