सिलेंडर ब्लास्ट से अफरा-तफरी: समस्तीपुर में दुकान और घर जलकर खाक, 5 लोग झुलसे, लाखों का नुकसान


Last Updated:

समस्तीपुर के महमदीपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप मच गया. हादसे में एक घर और दुकान जलकर राख हो गए. आग की चपेट में आने से 5 लोग झुलस गए. घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है. इस घटना में करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

समस्तीपुर: सिलेंडर ब्लास्ट से दुकान-घर खाक, 5 लोग झुलसे, लाखों का नुकसानZoom

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के महमदीपुर गांव में अचानक रसोई गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. इस घटना में एक घर और दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं.

खाना बनाते समय हुआ हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गांव के रहने वाले प्रभु राय के घर में कुछ दिनों से एक गैस सिलेंडर रखा हुआ था. परिजनों ने उस सिलेंडर को उपयोग करने के लिए चूल्हे के पास रखा. जैसे ही खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया गया. सिलेंडर से अचानक तेज आग की लपटें उठने लगीं.

देखते ही देखते आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं. घर के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सिलेंडर में एक भीषण धमाका हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए.

हादसे में 5 लोग झुलसे
इस अगलगी और ब्लास्ट की चपेट में आने से परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है.

5 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान
आग की भीषण लपटों ने पास स्थित दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में घर और दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. आशंका जताई जा रही है कि इस अगलगी में करीब 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. साथ ही घटना की जानकारी तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. इसके बाद दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया.



Source link