मचैल माता मंदिर का रहस्य: जब हिलते हैं मां के आभूषण, तो भक्त मानते हैं चमत्कार
Last Updated:
Machail Dham Mystery: मचैल माता का चमत्कारी धाम भक्तों के बीच गहरी आस्था का केंद्र है. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में स्थित इस पवित्र तीर्थस्थल को लेकर यह मान्यता है कि यहां देवी चंडी के आभूषणों में स्वतः हलचल होती है. भक्त इसे मां चंडी के साक्षात दर्शन मानते हैं और इस चमत्कार के पीछे असीम आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव करते हैं. कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हर साल यहां देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
Machail Dham Mystery: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मचैल गांव में पहाड़ों और घने जंगलों के बीच स्थित है मां चंडी का प्रसिद्ध मंदिर. ऊंची पहाड़ियों के बीच बसे इस छोटे से धाम की महिमा दूर-दूर तक फैली हुई है. मान्यता है कि यहां माता रानी अपने आभूषणों को हिलाकर भक्तों को अपने होने का एहसास कराती हैं. कंगन में बंधे घुंघरू हों, कानों के झुमके या नथनी में जड़े मोती, श्रद्धालु इनके हिलने को मां का चमत्कार और आशीर्वाद मानते हैं. नवरात्रि और वार्षिक छड़ी यात्रा के दौरान मचैल माता के दरबार में विशेष उत्साह देखने को मिलता है. पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता, भक्ति में लीन श्रद्धालु और मां चंडी से जुड़ी चमत्कारों की कहानियां इस धाम को आस्था का एक अनूठा केंद्र बनाती हैं.
हिलते आभूषणों का रहस्य
मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले कई श्रद्धालु दावा करते हैं कि उन्होंने माता रानी के आभूषणों को हिलते हुए देखा है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, यह मां चंडी की विशेष कृपा का संकेत है. सूरत से आए एक श्रद्धालु की कहानी भी यहां सुनाई जाती है, जिनके बारे में दावा किया जाता है कि बचपन से दृष्टिबाधित होने के बावजूद मां से प्रार्थना करने के बाद उनकी आंखों की रोशनी लौट आई.
गर्मग्रह में मौजूद दो मूर्तियां
मंदिर के बाहरी भाग में देवी देवताओं की कई मूर्तियां लकड़ी की पटिकाओं पर बनी हुई हैं. मंदिर के भीतर गर्भग्रह में मां चंडी एक पिंडी के स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे रही हैं. माता की पिंडी के साथ ही दो मूर्तियां भी विराजमान हैं, जिनमें एक मूर्ति चांदी की है. इस मूर्ति के बारे में कहा जाता है कि इसे बहुत समय पहले जंस्कार (लद्दाख) के बौद्ध मतावलंबी भोंटों ने मंदिर में चढ़ाया था. इसलिए इस मूर्ति को भोट मूर्ति भी कहा जाता है और इन मूर्तियों पर कई प्रकार के आभूषण सजे हुए हैं.
1834 से जुड़ी आस्था, 1987 से छड़ी यात्रा
मचैल माता के धाम का इतिहास भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है. प्रचलित मान्यताओं और पर्यटन संबंधी विवरणों के अनुसार, साल 1834 में डोगरा सेनापति जनरल जोरावर सिंह ने लद्दाख अभियान से पहले यहां माता का आशीर्वाद लिया था. वहीं, ठाकुर कुलवीर सिंह ने साल 1981 में मचैल माता के दर्शन किए और 1987 से छड़ी यात्रा की परंपरा शुरू हुई. आज भी इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं.
अब आसान हुआ माता के दरबार तक पहुंचने का सफर
एक समय गुलाबगढ़ से मचैल तक करीब 30 से 32 किलोमीटर का दुर्गम पहाड़ी रास्ता पैदल तय करना पड़ता था. घने जंगल, खड़ी चढ़ाइयां और झरनों के बीच यह यात्रा किसी चुनौती से कम नहीं थी. अब सड़क संपर्क बढ़ने से यात्रा का बड़ा हिस्सा आसान हुआ है. हालांकि, अंतिम मार्ग की स्थिति और उपलब्ध परिवहन सुविधाओं की जानकारी यात्रा से पहले प्रशासन से लेना जरूरी है. श्रद्धालु मौसम और व्यवस्था के अनुसार हेलीकॉप्टर सेवा की उपलब्धता भी जांच सकते हैं.