गोरखपुर : दिवाली और छठ पूजा पर अगर आप भी मुंबई या पुणे से अपने घर यूपी या बिहार आने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भीड़ और सीटों की मारामारी को देखते हुए रेलवे ने मुंबई और पुणे से गोरखपुर के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इन ट्रेनों के चलने से पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों को घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे. रेलवे ने दोनों शहरों से आने और जाने के लिए अलग-अलग तारीखों पर ट्रेनें चलाने की तैयारी की है.
मुंबई से गोरखपुर के लिए रोज चलेगी ट्रेन
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से गोरखपुर के लिए ट्रेन नंबर 01079 फेस्टिवल स्पेशल 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन मुंबई से रात 10:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह करीब 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. रास्ते में यह ट्रेन दादर, कल्याण, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, मनकापुर, बस्ती और खलीलाबाद समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी.
गोरखपुर से मुंबई के लिए कब चलेगी ट्रेन?
वापसी में ट्रेन नंबर 01080 गोरखपुर से मुंबई के लिए 18 अक्टूबर से 18 नवंबर तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी. रास्ते में बस्ती, मनकापुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल, नासिक, कल्याण, ठाणे और दादर समेत कई स्टेशनों पर रुकते हुए मुंबई पहुंचेगी.
पुणे से गोरखपुर आने वालों के लिए भी राहत
पुणे और आसपास के इलाकों में रहने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन नंबर 01415 हडपसर-पुणे से गोरखपुर के बीच 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन हडपसर से सुबह 7:05 बजे रवाना होगी. इस ट्रेन का ठहराव बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, मनकापुर और बस्ती समेत कई स्टेशनों पर होगा.
गोरखपुर से पुणे के लिए भी रोजाना ट्रेन
गोरखपुर से हडपसर के लिए ट्रेन नंबर 01416 स्पेशल 17 अक्टूबर से 17 नवंबर तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन गोरखपुर से शाम 5:30 बजे रवाना होगी. रास्ते में बस्ती, मनकापुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर और अहिल्यानगर समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी.
ट्रेनों में कितने कोच होंगे?
रेलवे के मुताबिक, मुंबई-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे. इनमें स्लीपर, सेकंड एसी, थर्ड एसी और एसएलआर कोच शामिल हैं. वहीं, पुणे-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. इनमें स्लीपर, सामान्य द्वितीय श्रेणी और एसी कोच शामिल होंगे.
दिवाली-छठ पर घर जाने वालों को मिलेगी राहत
दिवाली और छठ पूजा के दौरान मुंबई, पुणे और दूसरे बड़े शहरों से यूपी और बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है.
इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे. अगर आप भी त्योहार पर घर आने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर जरूर जांच लें.