उज्जैन. हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का बड़ा महत्व है. अमावस्या पर बहुत से लोग पितरों के निमित्त भी पूजा करते हैं. शास्त्रों में सर्वपितृ अमावस्या का विशेष महत्व माना जाता है जोकि इस बार 10 अक्टूबर को है. मान्यता है कि अमावस्या पर पूर्वज स्वर्ग से धरती पर आते हैं और अपने परिजनों को आशीर्वाद देते हैं, इसलिए इस दिन पूर्वजों के निमित्त पूजा का विधान है. सर्वपितृ अमावस्या को पितृ दोष से छुटकारा पाने के लिए अगर अपनी राशि के अनुसार कुछ दान किया जाए, तो इससे सालभर पितृ प्रसन्न रहते हैं. आइए जानते हैं उज्जैन के पंडित आनंद भारद्वाज से कि किस राशि के लिए कौन सा दान करना शुभ रहेगा.
सर्वपितृ अमावस्या इस बार बेहद खास मानी जा रही है. इस दिन शनैश्चरी अमावस्या के साथ गजछाया योग का भी दुर्लभ संयोग बनेगा. ज्योतिष के अनुसार, पिछले 81 वर्षों में यह संयोग महज 12 बार बना है और अब 13वीं बार बनने जा रहा है. मान्यता है कि ऐसे शुभ संयोग में पितरों के लिए तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान करने से पुण्यफल कई गुना बढ़ जाता है.
किस राशि के लिए कौन सा दान शुभ?
मेष- इस राशि के जातकों को सर्वपितृ अमावस्या पर गेहूं का दान करना शुभ फल देने वाला रहेगा.
वृषभ- इस राशि के जातक सर्वपितृ अमावस्या के दिन अगर पर सफेद वस्त्र का दान करेंगे, तो सालभर पितरों का आशीर्वाद बना रहेगा.
मिथुन- इस राशि के जातक सर्वपितृ अमावस्या पर साबुत मूंग का दान करें.
कर्क- कर्क राशि के जातकों को इस दिन चावल या सफेद वस्त्रों का दान करना चाहिए.
सिंह- सर्वपितृ अमावस्या पर सिंह राशि के जातक गेहूं और मूंग दाल का दान करें. ऐसा करने से पितृ दोष से मुक्ति मिल सकती है.
कन्या- इस राशि के जातकों के लिए हरी सब्जी के साथ हरे फलों का दान करना बेहद लाभकारी रहेगा.
तुला- इस राशि के जातकों के लिए सर्वपितृ अमावस्या पर चूड़ा और चीनी का दान करना शुभ होगा.
वृश्चिक- इस राशि के जातकों के लिए सर्वपितृ अमावस्या पर लाल रंग के वस्त्रों का दान करना अति शुभ होगा.
धनु- सर्वपितृ अमावस्या पर धनु राशि के जातक अगर जौ, पके केले और घी का दान करेंगे, तो सालभर पितरों का आशीर्वाद बना रहेगा.
मकर- इस राशि के जातकों के लिए काले तिल का दान करना अत्यंत शुभ माना गया है.
कुंभ- इस राशि के जातक पितरों का आशीर्वाद पाने के लिए सर्वपितृ अमावस्या पर जूते और चप्पल का दान करें.
मीन- इस राशि वाले सर्वपितृ अमावस्या के दिन पीले या नीले रंग के कपड़ों का दान करें. इससे पितृ जरूर प्रसन्न होंगे.