हिमाचल के बड़ा भंगाल की ट्रेकिंग पर गए 5 ट्रेकर सुरक्षित, डीसी बोले-पैनिक कॉल था, परिवार से सभी का हुआ संपर्क


Last Updated:

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की दुर्गम बड़ा भंगाल घाटी की ओर ट्रेकिंग के दौरान गुम हुए राजस्थान के पांच ट्रेकर का पता चल गया है और वे सुरक्षित हैं.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

हिमाचल के बड़ा भंगाल की ट्रेकिंग पर गए 5 ट्रेकर सुरक्षित, DC बोले-पैनिक कॉल थाZoom

दुर्गम बड़ा भंगाल घाटी की ओर ट्रेकिंग के दौरान गुम हुए राजस्थान के पांच ट्रेकर का पता चल गया है और वे सुरक्षित हैं. (FILE PHOTO)

धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की दुर्गम बड़ा भंगाल घाटी की ओर ट्रेकिंग के दौरान गुम हुए राजस्थान के पांच ट्रेकर का पता चल गया है और वे सुरक्षित हैं. डीसी कांगड़ा ने इसकी पुष्टि की है.

बैजनाथ के उपमंडलीय दंडाधिकारी संकल्प गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पांचों से संपर्क स्थापित हो गया है और वे चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में अपने गंतव्य तक पहुंच गए हैं. उन्होंने दो दिन बड़ा भंगाल में बिताए.

उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को सूचना मिली कि करीब 12 घंटे से उन ट्रेकर का पता नहीं चल रहा है. इसके बाद बीड़-बिलिंग क्षेत्र में बचाव दलों को सतर्क कर तलाश अभियान शुरू किया गया. बाद में प्रशासन ने उनसे संपर्क कर सभी के सुरक्षित होने की पुष्टि की.

इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि पांचो ट्रैकर -अंकुर मलानी, सत्यम साबू, पवन, श्याम आर और तरुण राठी (28 से 35 वर्ष) – पांच अक्टूबर को बीड़ से राजगुंधा के लिए रवाना हुए थे. उन्होंने बताया कि उन्हें छह अक्टूबर को राजगुंधा से बड़ा भंगाल होते हुए थमसर दर्रा पार करना था. उन्होंने बताया कि हालांकि, छह और सात अक्टूबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से उनकी आवाजाही प्रभावित हुई और खराब मौसम के बीच उनसे संपर्क टूट गया था.

डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि बड़ा भंगाल में पर्यटकों के फंसे होने की सूचना वास्तव में एक पैनिक कॉल थी. सभी ट्रैकर सुरक्षित हैं. डीसी ने बताया कि इन पर्यटकों के परिवार के सदस्य उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे थे, क्योंकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनकी वापसी में एक दिन की देरी हो गई थी. इसके चलते परिवार वालों में चिंता पैदा हुई और पर्यटकों के फंसे होने की सूचना सामने आई. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पांच ट्रैकर सुरक्षित हैं और धार्दी पहुंच चुके हैं. अब उनका अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क भी हो गया है. डीसी ने कहा कि पर्यटकों के लापता होने या फंसे होने जैसी कोई स्थिति नहीं थी.



Source link