Last Updated:
TCS Hairing : टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने इस वित्त वर्ष में खूब कैंपस हायरिंग की है. दूसरी तिमाही में कंपनी ने 10000 फ्रेशर्स हायर किए हैं. टीसीएस का कहना है कि आगे भी वह भर्ती जारी रखेगी.
कंपनी ने वर्कफोर्स की ट्रेनिंग पर बड़ा निवेश किया है.
नई दिल्ली. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में करीब 10,000 फ्रेशर्स को नौकरी दी है. कंपनी आने वाले दिनों में भी फ्रेशर्स को बड़ी संख्या में हायर करेगी. लेकिन, कैंपस हायरिंग नए नियमों के तहत होगी. पहली तिमाही (Q1) में कंपनी ने लगभग 14,000 फ्रेशर्स को हायर किया था. अब दूसरी तिमाही के 10,000 नए ग्रेजुएट्स को मिलाकर यह आंकड़ा 24,000 पर पहुंच गया है. नई नियुक्तियों के साथ ही कंपनी के कर्मचारियों की कुल संख्या अब बढ़कर 5,98,056 हो गई है.
टीसीएस ने पहले चालू वित्त वर्ष में 42,000 फ्रेशर्स को नौकरी देने की बात कही थी. लेकिन अब भर्ती रणनीति को लेकर नया रुख अपनाया है. टीसीएस अब केवल संख्या भरने के बजाय बिजनेस डिमांड और नई तकनीकों के आधार पर हायरिंग कर रही है. कंपनी का सबसे ज्यादा फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक टेक्नोलॉजी में दक्ष युवाओं पर है.
मांग के आधार पर हो रही भर्तियां
टीसीएस के मुख्य ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर (CHRO) सुदीप कुन्नुमल ने कहा कि कंपनी मांग के आधार पर भर्तियां कर रहे है. नई तकनीकों के क्षेत्र में बाजार से मजबूत मांग आ रही है, इसलिए इन खास पदों के लिए हायरिंग लगातार जारी रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि अगले वित्त वर्ष के लिए कैंपस प्लेसमेंट की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है.
नौकरी छोड़ने की दर घटी
TCS में न केवल भर्तियां बढ़ रही हैं, बल्कि कर्मचारियों का कंपनी के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है. पिछले 12 महीनों की ट्रेलिंग एट्रिशन रेट यानी नौकरी छोड़ने की दर पहली तिमाही के 13.6% से घटकर दूसरी तिमाही में 13.3% पर आ गई है. कंपनी ने वर्कफोर्स की ट्रेनिंग पर बड़ा निवेश किया है. ट्रेनिंग के घंटों में 17% की बढ़ोतरी हुई है और यह आंकड़ा 1.71 करोड़ घंटे तक पहुंच गया है.