Last Updated:
सीबीआई ने बैंकिंग सेक्टर में फर्जीवाड़ा कर नौकरी दिलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईएसएफ ने अब तक चार आरोपियों को अरेस्ट किया है. अरेस्ट किए गए आरोपियों में एक सीजीएसटी इंस्पेक्टर भी शामिल है. क्या है पूरा मामला, जानने के लिए पढ़ें आगे…
बैंकिंग जॉब फ्रॉड मामले में सीबीआई ने सीजीएसटी इंस्पेक्टर समेत 4 आरोपियों को अरेस्ट किया है. (Image: AI)
क्राइम न्यूज. भाई लोग बैंक में नौकरी की फुल गारंटी लेते थे. न ही परीक्षा देनी होती थी और ना ही इंटरव्यू का कोई झंझट होता था. बस एक मुश्त रकम दो और बैंक में अपनी नौकरी पक्की कर लो. ना जाने कितने समय से चल रहे इस खेल की भनक अचानक इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन (IBPS) को लग गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई. इसके बाद शुरू हुआ गिरफ्तारी का सिलसिला. इस मामले में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार हुए आरोपियों में एक सीजीएसटी इंस्पेक्टर भी शामिल है.
सीबीआई के अनुसार, यह गिरोह बैंकिंग भर्ती परीक्षा में असली अभ्यर्थियों की जगह डमी कैंडिडेट से पेपर दिलाता था. इस गिरोह के तार दिल्ली से लेकर बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल तक फैले हुए थे. अचानक इस फर्जीवाड़े की भनक इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन (IBPS) को लग गई. जिसके बाद, आईबीपीएस की शिकायत पर दर्ज सीबीआई की मुंबई ब्रांच में एफआईआर दर्ज की गई. वहीं, मामले की जांच सीबीआई की स्पेशल टास्क ब्रांच को सौंपी गई. जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे इस मामले में चौंकाने वाले खुलासे होते गए.
कई राज्यों में एक साथ छापेमारी
सीबीआई की स्पेशल टास्क ब्रांच ने दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान गिरोह में शामिल चार लोगों को अरेस्ट किया गया है. जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंकिंग भर्ती की चयन प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में असल उम्मीदवारों की जगह खुद परीक्षा और इंटरव्यू में शामिल होते थे. सीबीआई के अनुसार, फर्जी तरीके से परीक्षा और चयन प्रक्रिया में शामिल होकर आरोपियों ने उन मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों के मौके पर असर डाला, जो अपनी तैयारी और योग्यता के दम पर नौकरी हासिल करने की कोशिश कर रहे थे. सीबीआई ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है. रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और उनकी क्या भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है.