105 फीट के बजरंगबली की प्रतिमा, जानें पलामू का बराही धाम क्यों है बेहद खास
Last Updated:
Palamu Barahi Dham Hanuman Statue: झारखंड के पलामू स्थित बराही धाम में 105 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा और प्राचीन मंदिरों का संगम पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है. यहाँ भविष्य में 551 फीट ऊंचे दुर्गा मंदिर निर्माण की योजना है. इस धाम को बड़ा धार्मिक स्थल बनाने की तैयारी चल रही है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
पलामू: झारखंड के पलामू जिले का बराही गांव अब धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन के नक्शे पर भी अपनी पहचान बना रहा है. पलामू जिले के जपला के पास स्थित बराही धाम में 105 फीट ऊंची दक्षिणमुखी हनुमान जी की विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. दूर से दिखाई देने वाली यह प्रतिमा पूरे क्षेत्र को एक अलग पहचान देती है. सबसे खास बात यह है कि बराही धाम की पहचान केवल इस विशाल प्रतिमा से नहीं, बल्कि यहां मौजूद करीब 400 साल पुराने ग्राम देवी मंदिर और प्राचीन शिव मंदिर से भी जुड़ी हुई है. यही प्राचीन धार्मिक विरासत और आधुनिक भव्य निर्माण का संगम इस स्थान को पर्यटन के लिहाज से खास बनाता है.
105 फीट ऊंची है प्रतिमा
बता दें कि बराही धाम में स्थापित 105 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 2022 में हुई थी. इसके निर्माण में चार साल से अधिक समय लगा. जहां निर्माण के बाद प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर 51 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया गया था. इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और गंगाजल का छिड़काव भी किया गया. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इसी आयोजन के दौरान प्रवचन कर रहे सुंदर राम स्वामी जी को एक स्थान पर मां दुर्गा की उपस्थिति का आभास हुआ था, जिसके खुदाई के बाद मां भगवती की अष्टधातु की प्रतिमा निकली थी.
बराही धाम बनेगा बड़ा धार्मिक स्थल
बता दें कि अब बराही धाम को बड़े धार्मिक परिसर के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है. यहां मां अष्टभुजी मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के निर्माण की योजनाएं प्रस्तावित हैं. यहां यज्ञ के दौरान खुदाई में मां अष्टभुजी की प्रतिमा मिलने की बात कही जाती है. इसके साथ ही यहां 551 फीट ऊंचे मां दुर्गा मंदिर के निर्माण की योजना बताई जा रही है. दावा है कि यह मंदिर बनने के बाद दुनिया के सबसे ऊंचे मंदिरों में विशेष पहचान बनाएगा. इसके अलावा 151 फीट ऊंचे नवग्रह मंदिर के निर्माण कराया जाएगा.
पर्यटन की दृष्टि से बराही धाम की सबसे बड़ी खासियत
बता दें कि यहां एक ही परिसर में दिखाई देने वाली पुरानी धार्मिक विरासत और नए भव्य धार्मिक निर्माण है. 400 साल पुराने मंदिरों से लेकर 105 फीट की हनुमान प्रतिमा और प्रस्तावित विशाल मंदिर परिसर तक, यहां श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन की संभावनाएं भी बन रही हैं. जहां की दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते है.