बारूद के ढेर पर बैठे थे यात्री! ग्वालियर से इंदौर जा रही बस में मिले पटाखों से भरे बोरे, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बारूद के ढेर पर बैठे थे यात्री! ग्वालियर से इंदौर जा रही बस में मिले पटाखों से भरे बोरे, पुलिस की बड़ी कार्रवाई


Last Updated:

Gwalior News: ग्वालियर से इंदौर जा रही यात्रियों से ठसाठस भरी कृष्णा ट्रैवल्स की बस में पुलिस ने तीन बोरे देसी पटाखे जब्त किए हैं. सवारियों को खबर तक नहीं थी कि वे बारूद के ढेर पर सफर कर रही हैं. झांसी रोड थाना पुलिस ने बस जब्त कर ड्राइवर और कंडक्टर पर केस दर्ज कर लिया है.

Zoom

पुलिस ने जब्त की बस और पटाखे.

Gwalior News: ग्वालियर से इंदौर जा रही एक यात्री बस में पुलिस ने अवैध देसी पटाखों की बड़ी खेप पकड़ी है. बस में यात्रियों के सामान के बीच तीन बोरे भरकर बारूद छिपाकर ले जाया जा रहा था. सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर बस को रोक लिया और पटाखे जब्त कर लिए. इस मामले में पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

सवारियों को नहीं थी बारूद की खबर
यह पूरा मामला ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र का है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कृष्णा ट्रैवल्स की बस में भारी मात्रा में पटाखे ले जाए जा रहे हैं. बस ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी कर बस को रोक लिया.

पुलिस ने जब बस की तलाशी ली तो नजारा देखकर सब हैरान रह गए. बस की डिक्की में सामान के बीच ठसाठस भरे हुए पटाखों के तीन बड़े बोरे रखे थे. बस की सभी सीटें यात्रियों से पूरी तरह फुल थीं. सफर कर रहे यात्रियों को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वे सीधे बारूद के ढेर पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं.

चालक और कंडक्टर ने साधी चुप्पी
रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद भी बस चालक और कंडक्टर देर रात तक चुप्पी साधे रहे. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने खुद को बचाने का प्रयास किया. वे पटाखों को महज एक पार्सल बताकर अपना पल्ला झाड़ते रहे. चालक और कंडक्टर यह बताने को तैयार नहीं हैं कि यह पटाखे किस व्यापारी के हैं और इन्हें कहां से लाया गया था. दोनों की चुप्पी को देखते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है.

हादसे को न्योता दे रहे ट्रैवल्स संचालक
झांसी रोड थाना पुलिस ने पटाखों के तीनों बोरों को जब्त कर लिया है. इसके साथ ही कृष्णा ट्रैवल्स की बस को भी जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है. नियमों के मुताबिक यात्री बसों में ज्वलनशील पदार्थ या पटाखे ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. पहले भी इस तरह की लापरवाही के कारण बसों में आग लगने के बड़े हादसे हो चुके हैं. ऐसे हादसों में कई मासूम यात्रियों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. इसके बावजूद ट्रैवल्स संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं.

व्यापारी की तलाश में जुटी पुलिस
झांसी रोड थाना के प्रभारी शक्ति सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पटाखों की खेप किस व्यापारी की है. इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा कि इंदौर में यह माल किसके पास जा रहा था.



Source link