‘पंडित चोर-पुलिस चोर’ केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने लगाए नारे, मंदिर के सामने डांस का वीडियो भी वायरल

‘पंडित चोर-पुलिस चोर’ केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने लगाए नारे, मंदिर के सामने डांस का वीडियो भी वायरल


Last Updated:

Kedarnath Dham Controversy: केदारनाथ धाम में बुधवार को आस्था के बीच ऐसा हंगामा देखने को मिला, जिसने मंदिर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ श्रद्धालु ‘सारे पंडित चोर, पुलिस चोर’ के नारे लगाते नजर आ रहे हैं. श्रद्धालुओं का आरोप है कि पूजा-पाठ और दर्शन के नाम पर उनसे कथित तौर पर मनमाने पैसे मांगे जा रहे हैं.

Zoom

केदारनाथ मंदिर.

केदारनाथ: बाबा केदार के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु कठिन यात्रा कर केदारनाथ धाम पहुंचते हैं. लेकिन 7 अक्टूबर को यहां उस वक्त माहौल गरमा गया, जब कुछ तीर्थयात्रियों ने मंदिर परिसर में व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए जमकर नारेबाजी की. NDTV की रिपोर्टस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में श्रद्धालु ‘सारे पंडित चोर, पुलिस चोर’ जैसे नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं.

श्रद्धालुओं का आरोप है कि पूजा-पाठ और दर्शन के नाम पर उनसे कथित तौर पर मनमाने पैसे मांगे जा रहे हैं. उनका कहना है कि दूर-दराज से भगवान के दर्शन की उम्मीद लेकर आने वाले भक्तों को धार्मिक आस्था के नाम पर आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है. इसी बात को लेकर कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में अपना विरोध जताया. वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और श्रद्धालुओं की ओर से लगाए गए आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

पूजा और दर्शन के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे श्रद्धालु पंडा समाज की व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं. उनका आरोप है कि बाबा केदार के दर्शन के लिए आने वाले लोगों से अलग-अलग पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर अधिक रकम मांगी जाती है.

श्रद्धालुओं का कहना है कि दर्शन और पूजा की व्यवस्था को लेकर साफ जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भक्त को यह महसूस न हो कि उससे उसकी आस्था के नाम पर मनमानी रकम ली जा रही है. कुछ तीर्थयात्रियों ने मंदिर समिति से व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग भी की. उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर आने वाले हर श्रद्धालु के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और शुल्क से जुड़ी जानकारी भी साफ तौर पर उपलब्ध होनी चाहिए.

मंदिर के सामने डांस, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दूसरा वीडियो
इसी बीच केदारनाथ धाम से सामने आए एक दूसरे वीडियो ने भी विवाद को और बढ़ा दिया है. इस वीडियो में कुछ लोग मंदिर के सामने डांस करते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो केदारनाथ मंदिर के मुख्य प्रांगण का है.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि केदारनाथ जैसे धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं से मंदिर की मर्यादा और वहां के नियमों का पालन करने की उम्मीद की जाती है. केदारनाथ धाम में रील और वीडियो बनाने को लेकर पहले भी प्रशासन की ओर से नियम और पाबंदियां लागू की गई हैं. ऐसे में मंदिर के सामने डांस का वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद वहां इस तरह की गतिविधि कैसे हुई.

दो वायरल वीडियो ने व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
एक तरफ श्रद्धालुओं की नारेबाजी का वीडियो सामने आया तो दूसरी तरफ मंदिर के सामने डांस करते लोगों का वीडियो वायरल हो गया. दोनों घटनाओं ने केदारनाथ धाम की व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. श्रद्धालुओं का एक वर्ग जहां पूजा और दर्शन से जुड़ी कथित वसूली के आरोपों की जांच की मांग कर रहा है, वहीं दूसरे वीडियो के बाद मंदिर परिसर में नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

बद्री-केदार मंदिर समिति ने क्या कहा?
मामला सामने आने के बाद बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई है. समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने कहा कि वायरल वीडियो के जरिए सामने आए मामलों और आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले में जरूरी जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर काम किया जा रहा है. उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि केदारनाथ धाम की धार्मिक गरिमा का ध्यान रखें और यात्रा के दौरान संयम बनाए रखें.



Source link