Last Updated:
Sukumar Sen : भारत के पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन ने सूडान का भी पहला आम चुनाव कराया था. एक गणित के स्टूडेंट से लेकर दो देशों का पहला आम चुनाव कराने तक का उनका सफर काफी दिलचस्प है.
Sukumar Sen : सुकुमार सेन 21 मार्च 1950 को मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे.
Sukumar Sen Biography : भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आजकल विवादों के केंद्र में हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि देश का पहला मुख्य चुनाव आयुक्त कौन था? इस शख्स का नाम था सुकुमार सेन. यह वह दौर था जब भारत को ब्रिटिश उपनिवेशवाद से आजादी मिले कुछ ही साल हुए थे और देश पहली बार लोकतांत्रिक सरकार चुनने की तैयारी कर रहा था. न तो चुनाव कराने का कोई अनुभव था, और न ही इतने बड़े पैमाने पर चुनाव कराने की कोई मिसाल थी.
ICS अधिकारी रहे सुकुमार सेन ने चुनाव आयोग बनने के बाद 21 मार्च 1950 को भारत के पहले मुख्य चुनाव आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली. आइए जानते हैं सुकुमार सेन के बार में विस्तार से.
मैथ्स में ग्रेजुएट और न्यूटन स्कॉलरशिप
सुकुमार सेन का जन्म 2 जनवरी 1898 को हुआ था. उनकी पढ़ाई-लिखाई कोलकाता के प्रेसिडेंसी कॉलेज में और लंदन के यूनिवर्सिटी कॉलेज में हुई थी. वह प्रेसिडेंसी कॉलेज से गणित में ग्रेजुएशन किया था. उन्हें गणित में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आइजक न्यूटन स्कॉलरशिप भी मिली थी.
वह साल 1922 में भारतीय सिविल सेवा यानी ICS में शामिल हुए. ब्रिटिश शासन के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली. आजादी के बाद वह पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव भी बने.
बंगाल के सीएम ने सुझाया था नाम
मुख्य चुनाव आयुक्त पद के लिए प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को सुकुमार सेन का नाम पश्चिम बंगाल के तत्कालीन सीएम बिधान चंद्र रॉय ने सुझाया था. रॉय ने उन्हें इसलिए उपयुक्त माना था क्योंकि वह गणित में प्रशिक्षित, बेहद सख्त प्रशासक और कड़े लेकिन निष्पक्ष निर्णय लेने वाले अधिकारी माने जाते थे. सुकुमार सेन की अगुवाई में 1951-52 का पहला और 1957 का दूसरा आम चुनाव हुआ था.
सुकुमार सेन ने कराया सूडान का पहला चुनाव
सुकुमार सेन की चुनाव कराने की क्षमता सिर्फ भारत की जनता ने ही नहीं देखा. उन्होंने साल 1953 में अंतरराष्ट्रीय चुनाव आयोग के अध्यक्ष के तौर पर अफ्रीकी देश सूडान का पहला आम चुनाव भी संपन्न कराया.
पद्म भूषण से सम्मानित
भारत की चुनाव व्यवस्था को खड़ा करने में अभूतपूर्व योगदान के लिए सुकुमार सेन को साल 1954 में भारत सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था. 19 दिसंबर 1958 को वह मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए. 1963 में उनका निधन हुआ.