25 Years Of Seva : ऐसे नेता धरती पर एक बार ही आते हैं… राजनाथ सिंह से लेकर डिप्टी सीएम ने PM मोदी की गिनाईं उपलब्धियां

25 Years Of Seva : ऐसे नेता धरती पर एक बार ही आते हैं… राजनाथ सिंह से लेकर डिप्टी सीएम ने PM मोदी की गिनाईं उपलब्धियां


गाजियाबाद : पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल को मिलाकर शासन में 25 साल पूरे कर लिए. 2014 में प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी ने आज ही के दिन वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी. इसी मौके पर गाजियाबाद के घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में बुधवार को ’25 साल जनसेवा से राष्ट्र सेवा’ के तहत सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे. शहर के अलग-अलग इलाकों से सेवा ज्योति यात्राएं रामलीला मैदान पहुंचीं. कार्यक्रम में 10 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं के शामिल होने का दावा किया गया है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता को भ्रमित करने के लिए गैर-जरूरी मुद्दों को उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस देश के विकास और जनसेवा पर है. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 25 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और शासनकाल की सराहना करते हुए इसे सुशासन और राष्ट्रसेवा से जोड़कर बताया. बता दें, मंत्री हाल ही में विशाखापत्तनम में भारत के पहले स्वदेशी फ्लीट सपोर्ट शिप ‘आईएनएस सूर्य’ के जलावतरण कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने भारत की बढ़ती स्वदेशी रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया.

सीतापुर में निकली विकसित भारत संकल्प सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासक के रूप में 25 साल का कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर सीतापुर में विकसित भारत संकल्प सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया. लालबाग शहीद पार्क से शुरू हुई यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली. कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी व राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा शामिल हुईं. भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और सांसद प्रदीप वर्मा ने दीप ज्योति जलाकर पीएम मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. यह यात्रा पीएम मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही है.

दीप ज्योति जलाकर पीएम मोदी के स्वस्थ्य होने की कामना

संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित हुए कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की. सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर आयोजित हुए कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी का संबोधन सुना. इसके बाद उन्होंने दीप ज्योति जलाकर पीएम मोदी के स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य खुद अपने सिर पर दीप ज्योति लेकर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक पहुंचे.

इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधान मंत्री के रूप में पीएम मोदी का 25 वर्ष का सफलतम कार्यकाल रहा है. उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई शासक इतना सफल नहीं रहा होगा. जितना कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं. उन्होंने पीएम मोदी के प्रशासक के रूप में 25 साल पूरे होने पर प्रयागराजवासियों, प्रदेशवासियों और अपनी ओर से शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा है कि हमें गर्व है कि हम उस समय राजनीति के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है. इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा कि मैं कहता हूं कि तुम विश्वास करो, पीएम मोदी नवयुग के निर्माता है, क्योंकि ऐसे नेता धरती पर एक बार ही आते हैं. उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी का एक ही मंत्र है कि 2047 तक भारत विकसित और आत्मनिर्भर बने. दुनिया भर में भारत का मान और सम्मान बढे. उन्होंने अपील की है कि पीएम मोदी के इस संकल्प को पूरा करने के लिए हर एक देशवासी को अपना योगदान देने की जरूरत है.

गाजीपुर में BJP कार्यकर्ताओं ने निकाली सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सेवा ज्योति यात्रा निकाली. यात्रा लंका मैदान से विकास भवन तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ यात्रा में भाग लिया.

नितिन नवीन बोले- 12 साल में बदली युवाओं की सोच, अब जॉब सीकर नहीं जॉब गिवर बन रहा युवा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर उनकी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. बाइक सेवा यात्रा के यात्रियों के स्वागत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ-साथ लोगों की सोच में भी बदलाव आया है. उनका कहना था कि आज का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की करीब 25 साल की यात्रा को देखें तो इसमें सेवा और समर्पण की भावना दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ सफर आज देश के प्रधानमंत्री तक पहुंचा है. उनके मुताबिक प्रधानमंत्री ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ाने का काम किया है.

इतिहास के पन्ने पलटने वाला ही इतिहास बनाता है
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘इतिहास का निर्माता’ बताया. उन्होंने कहा कि इतिहास बनाना सिर्फ घटनाओं का हिस्सा बनना नहीं है, बल्कि परिस्थितियों को बदलने की क्षमता रखना भी है. नितिन नवीन के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति और विकास की दिशा में कई बड़े बदलाव किए हैं.

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में गरीबी हटाने के नारे तो खूब लगाए गए, लेकिन गरीब की स्थिति मजबूत नहीं हो सकी. उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों की समस्याओं को समझते हुए ऐसी योजनाओं पर जोर दिया, जिनका सीधा फायदा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा.

25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम
नितिन नवीन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम हुआ है. उन्होंने गरीबों के लिए घर बनाए जाने को भी बड़ी उपलब्धि बताया. भाजपा अध्यक्ष के मुताबिक गरीब के सिर पर पक्की छत पहुंचना सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि उसके जीवन में बड़ा बदलाव है.

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को लेकर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी चलाया जा रहा है. पार्टी ने इस दौरान सेवा, स्वच्छता और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है.

नेता प्रतिपक्ष पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने नेता प्रतिपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस मकसद के साथ राजनीति कर रहा है, भाजपा उसे पूरा नहीं होने देगी. हालांकि उन्होंने अपने संबोधन में विपक्ष के किसी प्रस्ताव या मुद्दे का विस्तृत नाम नहीं लिया.

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का केंद्र गरीब, युवा, महिला और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है. नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया है.

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पर जोर
नितिन नवीन ने अपने संबोधन में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विचार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग राज्यों, क्षेत्रों और समाज के लोगों को साथ लेकर चलना जरूरी है. उनके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को एक साथ आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को सिर्फ सत्ता में रहने के वर्षों से नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की यात्रा के तौर पर देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं की भूमिका और ज्यादा महत्वपूर्ण होगी और रोजगार मांगने वाले युवाओं के साथ रोजगार देने वाले युवाओं की संख्या बढ़ाना भी देश के विकास के लिए जरूरी है.



Source link