दिल्ली: सीमापुरी में 3 मंजिला बिल्डिंग का हिस्सा गिरा, कई के दबे होने की आशंका
Last Updated:
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में गिरी इमारत के मलबे से दो लोगों को रेस्क्यू किया गया है. उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया है. मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है. सीमापुरी गोल चक्कर और डीएलएफ भोपुरा के आसपास भारी जाम है. पुलिस ने लोगों से इस इलाके की तरफ जाने से बचने की अपील की है.
सीमापुरी मछली मंडी के पास बड़ा हादसा.
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में मछली मंडी के पास बुधवार (07 अक्टूबर 2026) को एक तीन मंजिला इमारत का अगला हिस्सा अचानक गिर गया. घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर कंट्रोल रूम को दोपहर 3:31 बजे इमारत गिरने की कॉल मिली थी. दमकल विभाग के मुताबिक, इमारत के गिरे हुए हिस्से में कुछ लोगों के दबे होने की सूचना मिली है. इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.
फिलहाल मौके पर मलबा हटाने और लोगों की तलाश का काम जारी है. घटना में अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है. सीमापुरी गोल चक्कर और डीएलएफ भोपुरा के पास ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस इलाके में जाने से बचें. एंबुलेंस और रेस्क्यू वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ते खाली छोड़ दें. घटनास्थल के पास भीड़ बिल्कुल न लगाएं और न ही गाड़ियां पार्क करें. लोगों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है. ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए.