KBC के मंच पर बिहार की मुखिया, अमिताभ बच्चन के साथ दिखेंगी चंपारण की ज्योति कुमारी, जानिए क्यों मिला खास न्योता

KBC के मंच पर बिहार की मुखिया, अमिताभ बच्चन के साथ दिखेंगी चंपारण की ज्योति कुमारी, जानिए क्यों मिला खास न्योता


Last Updated:

KBC News: इरादे मजबूत हों तो सफलता की हर मंजिल हासिल की जा सकती है. इस कहावत को पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया प्रखंड अंतर्गत मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी ने सच कर दिखाया है. अपनी पंचायत में विकास कार्यों और पारदर्शी व्यवस्था के दम पर उन्होंने बिहार का नाम रोशन किया है और अब उनकी गूंज राष्ट्रीय स्तर पर सुनाई दे रही है. देश के सबसे लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच से मुखिया ज्योति कुमारी को विशेष आमंत्रण मिला है. आज (7 अक्टूबर) को मुंबई में आयोजित केबीसी के मंच पर वे सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करेंगी. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

केसरिया की मुखिया ज्योति कुमारी को केबीसी में अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करने का अवसर.

मोतिहारी. पूर्वी चंपारण के एक छोटे से गांव की कहानी अब देश के सबसे चर्चित टीवी शो के मंच तक पहुंचने वाली है. केसरिया प्रखंड की मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी को कौन बनेगा करोड़पति यानी KBC के मंच पर विशेष आमंत्रण मिला है. आज (7 अक्टूबर) को मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में ज्योति कुमारी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करती हुई दिखेंगी. खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में मठिया पंचायत में हुए विकास कार्यों पर तैयार की गई एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी.

KBC में दिखेगी मठिया पंचायत की तस्वीर

जानकारी के अनुसार, पूरे बिहार से मुखिया के रूप में ज्योति कुमारी का इस खास कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है. कार्यक्रम के दौरान मठिया पंचायत में कराए गए विकास कार्यों और वहां अपनाई गई कार्यप्रणाली को डॉक्यूमेंट्री के जरिए दिखाया जाएगा. इसमें पंचायत में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए काम के साथ-साथ पारदर्शिता और विकास से जुड़े प्रयासों को भी सामने रखा जाएगा. यानी KBC के मंच से सिर्फ एक मुखिया की कहानी नहीं, बल्कि एक पंचायत में हुए बदलाव की तस्वीर देश के सामने रखने की तैयारी है.

पहले भी बिहार सरकार से सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं मुखिया ज्योति कुमारी.

पहले भी मिल चुका है राज्य स्तर पर सम्मान

बता दें कि ज्योति कुमारी के काम की सराहना इससे पहले राज्य स्तर पर भी हो चुकी है. पंचायत में बेहतर और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए उन्हें उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी द्वारा सम्मानित किए जाने की बात भी सामने आई है. अब राष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय मंच KBC पर आमंत्रण मिलने के बाद मठिया पंचायत के लोगों में भी उत्साह है. परिवार से लेकर पंचायत और केसरिया प्रखंड तक इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है.

जनता के भरोसे को बताया सफलता की वजह

KBC के मंच तक पहुंचने को लेकर ज्योति कुमारी ने कहा कि पंचायत की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया, वही उन्हें लगातार बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता रहा है. उनके मुताबिक पंचायत के विकास के लिए किए गए कामों को राष्ट्रीय मंच पर जगह मिलना पूरी पंचायत के लिए सम्मान की बात है. अब KBC के मंच पर जब मठिया पंचायत की कहानी दिखाई जाएगी और ज्योति कुमारी अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगी, तो पूर्वी चंपारण के इस गांव की कहानी देश के बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी.



Source link