UNESCO Internship 2026: अगर आप ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन या PhD की पढ़ाई कर रहे हैं और टेक्नोलॉजी से जुड़े क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव लेना चाहते हैं तो आपके लिए यूनेस्को की डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन इंटर्नशिप 2026 एक अच्छा मौका हो सकती है. यूनाइटेड नेशंस एजुकेशनल, साइंटिफिक एंड कल्चरल ऑर्गनाइजेशन यानी यूनेस्को ने इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसमें बैचलर, मास्टर और PhD की पढ़ाई कर रहे उम्मीदवारों के साथ हाल ही में अपनी डिग्री पूरी करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 है.
इस इंटर्नशिप की अवधि एक से छह महीने तक होगी. चयनित उम्मीदवारों को यूनेस्को मुख्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, नेटवर्क ऑपरेशंस और एप्लिकेशन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा. इस दौरान उन्हें तकनीकी काम सीखने के साथ-साथ प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, टीमवर्क, लेखन और अलग-अलग संस्कृतियों वाले माहौल में काम करने का अनुभव भी मिलेगा.
यूनेस्को में किन क्षेत्रों में काम करने का मिलेगा मौका?
डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन इंटर्नशिप के तहत चुने गए इंटर्न को ब्यूरो के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिलेगा. इसमें नेटवर्क की निगरानी, क्लाउड प्लेटफॉर्म, सर्वर और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं का समाधान, नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज तैयार करना और यूजर सपोर्ट जैसे काम शामिल हो सकते हैं.
इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को क्लाउड रिसोर्सेज को स्थापित और व्यवस्थित करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिल सकता है. इसके अलावा उन्हें नेटवर्क उपकरणों से जुड़े हेल्प डेस्क की टिकट प्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा यानी यह इंटर्नशिप सिर्फ किसी एक टेक्निकल टास्क तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उम्मीदवारों को डिजिटल सिस्टम के अलग-अलग हिस्सों को करीब से समझने का मौका मिलेगा.
प्रोफेशनल स्किल्स भी होंगी मजबूत
यूनेस्को की इस इंटर्नशिप में उम्मीदवारों को सिर्फ टेक्निकल काम सीखने का मौका नहीं मिलेगा. इंटर्नशिप के दौरान उन्हें प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और यूनेस्को के कामकाज को समझने का अनुभव भी मिलेगा.इसके साथ ही उम्मीदवार अपनी लेखन क्षमता बेहतर कर सकेंगे और टीम के साथ काम करने की क्षमता विकसित कर सकेंगे. अलग-अलग देशों और संस्कृतियों से आने वाले लोगों के साथ संवाद करने का अनुभव भी इस इंटर्नशिप का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. इस तरह उम्मीदवारों को टेक्निकल स्किल्स के साथ प्रोफेशनल और इंटरपर्सनल स्किल्स विकसित करने का मौका मिलेगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र आवेदन के समय कम से कम 20 वर्ष होनी चाहिए. उम्मीदवार बैचलर डिग्री के तीसरे या अंतिम वर्ष में पढ़ रहा हो तो वह आवेदन कर सकता है. इसके अलावा किसी अन्य यूनिवर्सिटी डिग्री, मास्टर, PhD या उसके समकक्ष प्रोग्राम में रजिस्टर्ड उम्मीदवार भी इसके लिए पात्र हैं.ऐसे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने आवेदन की तारीख से पिछले 12 महीनों के दौरान बैचलर, मास्टर या PhD की पढ़ाई पूरी की है. इसके अलावा तकनीकी या व्यावसायिक प्रशिक्षण के अंतिम वर्ष में पढ़ने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. पिछले 12 महीनों में ऐसे तकनीकी या व्यावसायिक प्रशिक्षण से ग्रेजुएट हुए उम्मीदवार भी पात्र हैं.
अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा की समझ जरूरी
उम्मीदवार के लिए अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा में लिखने और बोलने की अच्छी समझ होना जरूरी है. इसके साथ ही उम्मीदवार को कंप्यूटर चलाने की जानकारी होनी चाहिए और सामान्य ऑफिस के काम में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर की भी जानकारी होनी चाहिए यानी आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास सिर्फ शैक्षणिक योग्यता होना पर्याप्त नहीं है. उसे कंप्यूटर और सामान्य ऑफिस सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की जानकारी के साथ अंग्रेजी या फ्रेंच में काम करने की क्षमता भी होनी चाहिए.
कितने महीने की होगी इंटर्नशिप?
यूनेस्को डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन इंटर्नशिप 2026 की अवधि एक महीने से छह महीने तक हो सकती है. उम्मीदवारों का चयन तय पात्रता मानदंडों के आधार पर किया जाएगा.इंटर्नशिप के दौरान और इंटर्नशिप से जुड़े काम के कारण होने वाले जोखिमों के लिए उम्मीदवारों को सीमित वर्कप्लेस इंश्योरेंस कवरेज दिया जाएगा. जो उम्मीदवार सफलतापूर्वक अपनी इंटर्नशिप पूरी करेंगे, उन्हें सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा.इस तरह यह इंटर्नशिप छात्रों को यूनेस्को जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठन के कामकाज को करीब से समझने, टेक्निकल प्रोजेक्ट्स पर काम करने और अपने प्रोफेशनल प्रोफाइल को मजबूत करने का अवसर दे सकती है.
31 दिसंबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
यूनेस्को डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन इंटर्नशिप 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 है. इच्छुक उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है.आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को यूनेस्को की आधिकारिक करियर वेबसाइट careers.unesco.org/job/ पर जाना होगा. वेबसाइट पर पहुंचने के बाद उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन विकल्प चुनना होगा. इसके बाद फॉर्म में मांगी गई सभी जरूरी जानकारी ध्यान से दर्ज करनी होगी और अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.अगर उम्मीदवार पहले से यूनेस्को की वेबसाइट पर रजिस्टर्ड है, तो उसे नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी. वह अपने मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी की मदद से सीधे लॉग इन कर सकता है और आगे की आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकता है.