बोकारो: अगर आपका भी कुछ मीठा और स्वादिष्ट खाने का मन कर रहा है, तो अब बाहर से मिठाई लाने की जरूरत नहीं है. क्योंकि अब घर पर बचे हुए या मौसमी फलों की मदद से आप बेहद स्वादिष्ट कस्टर्ड फ्रूट पुडिंग तैयार कर सकते हैं. इसका क्रीमी स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद आता है. इसे बनाना भी काफी आसान है. ऐसे में बोकारो के शेफ देवाशीष ने कस्टर्ड फ्रूट पुडिंग बनाने की आसान रेसिपी साझा की है, जिसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं.
फ्रूट पुडिंग बनाने के लिए सामग्री
कस्टर्ड फ्रूट पुडिंग बनाने के लिए दूध, कस्टर्ड पाउडर, चीनी और अपनी पसंद के मौसमी फलों की जरूरत पड़ती है. इसके लिए आप सेब, केला, अंगूर, अनार अन्य फलों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
सबसे पहले तैयार करें कस्टर्ड मिश्रण
फ्रूट कस्टर्ड पुडिंग बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में थोड़ा ठंडा दूध लें और उसमें करीब तीन चम्मच कस्टर्ड पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि इसमें गांठ नहीं पड़नी चाहिए. इसे अच्छी तरह मिलाकर अलग रख दें.
दूध में मिलाएं कस्टर्ड पाउडर
अब एक बर्तन में करीब एक लीटर दूध लेकर उसे तेज आंच पर अच्छी तरह उबालें दूध में उबाल आने के बाद गैस को धीमा कर दें और इसमें तैयार किया हुआ कस्टर्ड मिश्रण धीरे-धीरे डालें. इस दौरान दूध को लगातार चलाते रहें, ताकि कस्टर्ड बर्तन की तल में चिपके नहीं और इसमें गांठ भी न पड़े.
चीनी डालकर पकाएं
कस्टर्ड को लगातार चलाते हुए कुछ देर तक पकाएं स्वाद के अनुसार इसमें चीनी डाल सकते हैं. जब दूध थोड़ा गाढ़ा होकर कस्टर्ड जैसी क्रीमी हो जाए तो इसे बंद कर दें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें.
मौसमी फलों से दें फ्रूटी ट्विस्ट
अब आखिरी चरण में कस्टर्ड के अच्छी तरह ठंडा होने के बाद इसमें अपनी पसंद के कटे हुए मौसमी फल डालें और अच्छी तरह मिला दें. अब इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में ठंडा होने दें और ठंडा होने के बाद कस्टर्ड फ्रूट पुडिंग को सर्व कर सकते हैं.
इस तरह बेहद आसान स्टेप्स में घर पर ही स्वादिष्ट और क्रीमी कस्टर्ड फ्रूट पुडिंग तैयार की जा सकती है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ फलों की वजह से देखने में भी काफी आकर्षक लगती है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इसे पसंद कर सकते हैं.