Last Updated:
NSE Share Price Crash : एनएसई शेयर ने निवेशकों को जोर का झटका जोर से ही दिया है. पहले एनएसई आईपीओ की लिस्टिंग फीकी रही और अब शेयर रोज ही नीचे जा रहा है. 14 दिन में ही कंपनी का बाजार पूंजीकरण 41000 करोड़ रुपये कम हो चुका है.
एनएसई शेयर अब भी अपने आईपीओ प्राइस से नीचे कारोबार कर रहा है.
नई दिल्ली. जिस मंच पर देश भर की कंपनियों की तकदीर तय होती है. जहां अरबों का कारोबार होता है, वही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) खुद दलाल स्ट्रीट पर औंधे मुंह गिर गया है. शेयर बाजार में लिस्ट होने के महज दो हफ्तों के भीतर एनएसई का शेयर अपने आईपीओ (IPO) प्राइस से भी नीचे चला गया है. लिस्टिंग के दिन निवेशकों की झोली में जो थोड़ा-मोटा मुनाफा आया था, वह ताबड़तोड़ बिकवाली में पूरी तरह स्वाहा हो चुका है. अपने ऑल-टाइम हाई से एनएसई के मार्केट कैप में करीब 41,000 करोड़ रुपये का भारी बट्टा लग चुका है.
24 सितंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर एनएसई का शेयर 1,800 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ था. एनएसई आईपीओ में निवेशकों को यह शेयर 1,785 रुपये में मिला था. आईपीओ में पैसा लगाने वालों को 1% से भी कम लिस्टिंग गेन मिला था. हालांकि, लिस्टिंग के दिन इसमें जबर्दस्त लिवाली देखने को मिली और शेयर 5% से ज्यादा उछलकर 1,878 रुपये पर पहुंच गया. उस वक्त एक्सचेंज का मार्केट कैप 4.64 लाख करोड़ रुपये के शिखर को छू गया था. लेकिन यह खुमारी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और ऊपरी स्तरों से मुनाफावसूली का ऐसा दौर शुरू हुआ जिसने पूरे शेयर को बैकफुट पर धकेल दिया.
IPO वाले भी घाटे में
एनएसई के शेयर में लगातार बिकवाली हावी है. कल यानी सोमवार को एनएसई का शेयर टूटकर 1,712 रुपये के अपने ऑल-टाइम लो पर पहुंच गया. यह स्तर लिस्टिंग के दिन बने रिकॉर्ड हाई से लगभग 9% और आईपीओ इश्यू प्राइस से करीब 4% नीचे था. मंगलवार को एनएसई के शेयर में 1.53% की रिकवरी आई और यह 1,749.85 रुपये पर बंद हुआ. हालांकि, इस बढ़त के बावजूद शेयर अब भी अपने आईपीओ प्राइस से नीचे ही अटका हुआ है. आज सेंसेक्स 685 अंक चढ़कर 73,067 और निफ्टी 220 अंक की छलांग लगाकर 22,776 के स्तर पर बंद हुआ है.
टॉप-10 क्लब से बाहर हुआ एनएसई शेयर
इस भारी गिरावट का सीधा असर कंपनी की साख और वैल्यूएशन पर पड़ा है. एनएसई का कुल मार्केट कैप घटकर 4.27 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. इस गिरावट के साथ ही एक्सचेंज देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनियों क्लब से बाहर हो गया है और 12वें स्थान पर खिसक गया है.