मासिक शिवरात्रि कब? निशिता मुहूर्त से तय होगी तारीख, पर चतुर्दशी श्राद्ध नहीं
Last Updated:
Masik Shivratri October 2026 Date: अक्टूबर मासिक शिवरात्रि आश्विन कृष्ण चतुर्दशी तिथि को है. चतुर्दशी की उदयातिथि में पितरों के लिए श्राद्ध कर्म किए जाएंगे. आपको जानकर हैरानी होगी कि चतुर्दशी तिथि को शिवरात्रि और श्राद्ध होंगे, लेकिन दोनों अलग-अलग दिन होंगे. ऐसा क्यो? आइए जानते हैं इसके बारे में.
मासिक शिवरात्रि अक्टूबर 2026 और चतुर्दशी श्राद्ध की तारीख. (Photo: AI)
Masik Shivratri October 2026 Date: अक्टूबर की मासिक शिवरात्रि आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाएगी. लेकिन आपको जानकर हैरानी हो सकती है, उस दिन चतुर्दशी का श्राद्ध नहीं होगा. वह अगले दिन होगा. इसके पीछे शिवरात्रि का मुहूर्त सबसे बड़ा कारण है. शिवरात्रि की तारीख का निर्धारण निशिता मुहूर्त के आधार पर होती है, जबकि चतुर्दशी श्राद्ध की तारीख उदयातिथि के आधार पर तय होती है. आइए जानते हैं कि अक्टूबर की मासिक शिवरात्रि कब है? शिव पूजा का मुहूर्त क्या है? चतुर्दशी श्राद्ध किस दिन होगा?
मासिक शिवरात्रि अक्टूबर 2026 तारीख
पंचांग के अनुसार, देखा जाए तो मासिक शिवरात्रि के लिए आश्विन कृष्ण चतुर्दशी तिथि 8 अक्टूबर को रात में 10 बजकर 15 मिनट से शुरू होगी और यह 9 अक्टूबर को रात 9 बजकर 35 मिनट तक मान्य रहेगी. निशिता मुहूर्त के आधार पर मासिक शिवरात्रि का व्रत 8 अक्टूबर गुरुवार को रखना सही रहेगा, न कि 9 अक्टूबर शुक्रवार को.
मासिक शिवरात्रि अक्टूबर 2026 मुहूर्त
अक्टूबर की मासिक शिवरात्रि के दिन ब्रह्म मुहूर्त 04:39 ए एम से 05:28 ए एम तक है, वहीं अभिजीत मुहूर्त दिन में 11:45 ए एम से दोपहर 12:32 पी एम तक है. शिव पूजा के लिए निशिता मुहूर्त रात 11:44 पी एम से लेकर देर रात 12:33 ए एम तक रहेगा. इस मुहूर्त में मंत्र साधना करते हैं. वैसे आप दिन में ब्रह्म मुहूर्त से शिव जी का जलाभिषेक करके कभी भी पूजा कर सकते हैं. शिव पूजा में राहुकाल, भद्रा आदि का दोष नहीं लिया जाता है.
8 नहीं, 9 अक्टूबर को होगा चतुर्दशी श्राद्ध
मासिक शिवरात्रि 8 अक्टूबर को मनाई जाएगी, जबकि चतुर्दशी श्राद्ध 9 अक्टूबर को होगा. इसकी वजह चतुर्दशी की उदयातिथि है. 9 अक्टूबर को सूर्योदय 06:18 ए एम पर होगा, उस समय चतुर्दशी तिथि प्राप्त होगी. जैसा कि आपको पता है कि श्राद्ध और तर्पण कुतुप मुहूर्त या रौहिण मुहूर्त में करते हैं, जो दिन के समय होता है. 8 अक्टूबर को चतुर्दशी रात में लगेगी, तो ये दोनों मुहूर्त प्राप्त नहीं होंगे.
चतुर्दशी श्राद्ध 2026 मुहूर्त
चतुर्दशी श्राद्ध के लिए तर्पण और श्राद्ध का कुतुप मूहूर्त 11:45 ए एम से लेकर दोपहर 12:31 पी एम तक है. वहीं रौहिण मूहूर्त दोपहर में 12:31 पी एम से लेकर 01:18 पी एम तक रहेगा. इन दोनों मुहूर्त में आपको अपने पितरों के लिए तर्पण, श्राद्ध, पिंडदान, दान, ब्राह्मण भोज और पंचबलि कर्म कर देना चाहिए. अपराह्न काल दोपहर 01:18 पी एम से लेकर दोपहर 03:38 पी एम तक रहेगा.
चतुर्दशी श्राद्ध का महत्व
- चतुर्दशी श्राद्ध के दिन उन पितरों का श्राद्ध कर्म होता है, जिनका निधन किसी भी महीने की चतुर्दशी तिथि को हुआ हो.
- इसके अलावा जिन पितरों की अकाल मृत्यु हुई होती है, उनका श्राद्ध कर्म भी चतुर्दशी के दिन ही करते हैं. चतुर्दशी के प्रतिनिधि देव भगवान शिव शंकर हैं. उनकी कृपा से अकाल मृत्यु वालों को मोक्ष की प्राप्ति होती है.
- जो लोग किसी असाध्य रोग, किसी दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कारणों से अपनी आयु पूरी नहीं कर पाते हैं, उनको अकाल मृत्यु प्राप्त होती है.