भोपाल पुलिस का नया मास्टर प्लान: अब लाइन हाजिर भी करेंगे गश्त, कमिश्नर ने तैयार किया 100% फोर्स फॉर्मूला

भोपाल पुलिस का नया मास्टर प्लान: अब लाइन हाजिर भी करेंगे गश्त, कमिश्नर ने तैयार किया 100% फोर्स फॉर्मूला


Last Updated:

Bhopal Police: भोपाल में चोरी और लूट की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने नया मास्टर प्लान तैयार किया है. अब लाइन हाजिर पुलिसकर्मी भी थानों की गश्त, कॉम्बिंग और नाइट पेट्रोलिंग करेंगे. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक उपलब्ध पुलिस बल का 100% इस्तेमाल किया जाएगा.

Zoom

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार.

रिपोर्ट: शिवकांत आचार्य

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरी और लूट की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा बदलाव किया है. अब तक पुलिस लाइन में बैठे रहने वाले पुलिसकर्मी भी सड़कों पर गश्त करते नजर आएंगे. भोपाल में पुलिस बल की कमी को पूरा करने और गश्त व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है.

लाइन हाजिर जवानों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नए मास्टर प्लान के तहत लाइन हाजिर पुलिसकर्मियों को थानों की नियमित गश्त, नाइट पेट्रोलिंग और बड़ी कार्रवाइयों में उतारा जाएगा. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक, इन जवानों को हफ्ते में दो दिन नाइट पेट्रोलिंग करना अनिवार्य होगा. जरूरत पड़ने पर इनसे जांच अधिकारी (IO) के तौर पर विवेचना का काम भी लिया जाएगा. इसके अलावा लॉ एंड ऑर्डर, कॉम्बिंग गश्त और रेड (छापेमारी) में भी इनकी ड्यूटी लगाई जाएगी.

चोरी वाले इलाकों में बढ़ेंगे गश्त पॉइंट
शहर के चोरी वाले हॉटस्पॉट इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग पॉइंट बढ़ाने जा रही है. इससे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा.

महिला पुलिसकर्मी भी संभालेंगी शाम की गश्त
इस मास्टर प्लान में महिला पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका तय की गई है. गणेश उत्सव के दौरान शाम के समय महिला पुलिस से गश्त कराई गई थी, जो काफी सफल रही थी. इसी सफलता को देखते हुए अब शाम की गश्त में महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया जाएगा. विशेष रूप से चोरी वाले इलाकों में महिला गश्त को विस्तार दिया जाएगा.

100% पुलिस बल के उपयोग का लक्ष्य
पुलिस कमिश्नर का स्पष्ट उद्देश्य उपलब्ध पुलिस बल का 100 प्रतिशत उपयोग करना है. इसके लिए विस्तृत ड्यूटी चार्ट तैयार किया जा रहा है. अगर यह प्लान जमीन पर सही तरीके से लागू होता है, तो भोपाल की सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराधियों में खौफ पैदा होगा.



Source link