Last Updated:
Upendra Kushwaha on Rahul Gandhi: पटना में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर आरएलएम अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयानों का कोई अर्थ नहीं है और वे सिर्फ खबरों में बने रहने के लिए बयान देते रहते हैं.
राहुल गांधी के बयान पर उपेंद्र कुशवाहा ने जवाब दिया.
पटना. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने पलटवार किया है. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनका बस चलता तो अब तक सरकार गिरा चुके होते, लेकिन उन्हें भी पता है कि उनके बयान का कोई अर्थ नहीं है. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राहुल गांधी को भी मालूम है कि उनके बोलने का कहीं से कोई अर्थ नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी खबरों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते रहते हैं. कुशवाहा ने कहा कि राहुल गांधी चाहे कुछ भी बयान दें, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता.
उपेंद्र कुशवाहा ने इन शब्दों से किया पलटवार
उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा, “राहुल गांधी का बस चला होता तो कब का सरकार गिरा दिए होते, लेकिन उन्हें भी मालूम है कि उनके बोलने का कहीं से कुछ अर्थ नहीं है. खबरों में बने रहने के लिए बयान देते रहते हैं… जनता प्रधानमंत्री के साथ है… प्रधानमंत्री देश की जनता के लिए काम कर रहे हैं. राहुल गांधी कुछ भी बयान दें उससे क्या फर्क पड़ता है?
‘जनता प्रधानमंत्री के साथ है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का बचाव करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जनता प्रधानमंत्री के साथ है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश की जनता के लिए काम कर रहे हैं.
कुशवाहा का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष की ओर से केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं, एनडीए के नेता विपक्ष के बयानों पर पलटवार करते रहे हैं.
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
बता दें कि गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को राहुल गांधी ने कहा था कि हजारों नौजवान वोट चोरी के खिलाफ शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी मांग है CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. मोदी-शाह सरकार लड़के-लड़कियों को सड़कों पर घसीट रही है. लाठी से भीड़ रोकी जा सकती है, सवाल नहीं. ज्ञानेश कुमार जाएंगे और जिस सिस्टम ने उन्हें बिठाया है वो भी जाएगा.
खरगे के बयान पर भी कुशवाहा का निशाना
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए ‘अवैध’ वाले बयान पर भी कुशवाहा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि खरगे वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. कुशवाहा ने उनके बयान को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह ‘अज्ञानी जैसे बात कर रहे हैं’.