Last Updated:
Goat Farming Training: क्या आप भी बकरी पालन करना चाहते हैं? तो भोजपुर जिले के कोइलवर स्थित आरसेटी में 8 अक्टूबर से 12 दिवसीय निःशुल्क आवासीय बकरी पालन प्रशिक्षण शुरू होगा. 18 से 45 वर्ष की आयु के भोजपुर के निवासी इसके लिए पात्र हैं, जो स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है.
Goat Farming Training: भोजपुर जिले में स्वरोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और लोगों के लिए अच्छी खबर है. कोइलवर स्थित आरसेटी भोजपुर में बकरी पालन का 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. यह एक निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम है. जिसमें प्रशिक्षण के साथ-साथ आवास और भोजन की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी. इस कार्यक्रम का उद्देश्य कम लागत में स्वरोजगार और बकरी पालन के व्यवसाय को बढ़ावा देना है. जानें पूरी प्रक्रिया क्या है?
प्रशिक्षण में मिलने वाली जानकारी
कार्यक्रम के दौरान केवल सामान्य जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि बकरी पालन को व्यवसाय के रूप में शुरू करने की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. इसमें बकरी की नस्ल का चयन, सही तकनीक, रोगों की पहचान, रोग नियंत्रण, उपचार, चारा प्रबंधन, पोषण और आधुनिक व उन्नत बकरी पालन के बारे में बताया जाएगा. इसके अलावा बैंक से मिलने वाले ऋण और सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी.
पात्रता और जरूरी दस्तावेज
इस प्रशिक्षण के लिए 18 से 45 वर्ष की आयु के लोग पात्र हैं. आवेदक का भोजपुर जिले का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है. इसमें बकरी पालन में रुचि रखने वाले युवा और महिलाएं शामिल हो सकते हैं. नामांकन के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति, राशन कार्ड की छायाप्रति, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और 5 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो की आवश्यकता होगी.
नामांकन प्रक्रिया और संपर्क
नामांकन के लिए पहले आरसेटी से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. सीटें सीमित होने के कारण इच्छुक अभ्यर्थियों को जल्द संपर्क करने की सलाह दी गई है. अधिक जानकारी के लिए 9334505434, 9939947793 और 06182-282405 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है.