Bullet Train: 21 में से 18 पुल तैयार, टनल और ट्रैक का काम भी तेज, जानिए कब दौड़ेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन

Bullet Train: 21 में से 18 पुल तैयार, टनल और ट्रैक का काम भी तेज, जानिए कब दौड़ेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन


Last Updated:

Mumbai Ahmedabad Bullet Train : मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्‍ट पर काम जोर-शोर से चल रहा है. अब तक 62 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है. इस रूट पर साबरमती नदी भी आ रही है. नदी पर 480 मीटर लंबा और 112 फुट ऊंचा पुल बनकर तैयार हो गया है. पूरे पुल को 8 विशाल गोलाकार खंभों पर मजबूती से टिकाया गया है.

Zoom

साबरमती नदी पर बना यह पुल 12 मंजिला इमारत के बराबर बैठता है. (Photo : @nhsrcl/x)

नई दिल्‍ली. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर ने एक और बड़ा इंजीनियरिंग मील का पत्थर पार कर लिया है. साबरमती और अहमदाबाद स्टेशनों के बीच 480 मीटर लंबा साबरमती रिवर ब्रिज बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है. इस पूरे प्रोजेक्‍ट में 25 नदी पुल बनाए जाने हैं. इनमें से 21 पुल गुजरात में और 4 पुल महाराष्ट्र की सीमा में आते हैं.

साबरमती नदी पुल के तैयार होते ही गुजरात के हिस्से में आने वाले 21 पुलों में से 18 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. अब राज्य में केवल 3 नदी पुलों का काम बाकी रह गया है. महाराष्ट्र के हिस्से में टनल और स्टील ब्रिजों का काम भी युद्धस्तर पर जारी है. 508 किलोमीटर लंबे इस पूरे कॉरिडोर की बात करें तो अब तक 62% से अधिक भौतिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. अब तक लगभग ₹91,000 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं.

480 मीटर लंबा है साबरमती रिवर ब्रिज

अहमदाबाद में तैयार हुआ 480 मीटर लंबा साबरमती रिवर ब्रिज इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना है. यह पुल लगभग 36 मीटर ऊंचा है, जो करीब 12 मंजिला इमारत के बराबर बैठता है. अहमदाबाद शहर में मौजूदा मेट्रो लाइन, रेलवे ट्रैक और फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरने की वजह से इतना ऊंचा बनाया गया है. नदी के प्राकृतिक प्रवाह में कम से कम रुकावट आए, इसलिए इसके निर्माण में बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इस तकनीक के तहत बिना किसी अस्थायी सहारे के दोनों तरफ संतुलित रूप से गर्डर्स जोड़े गए हैं. पूरे पुल को 8 विशाल गोलाकार खंभों पर मजबूती से टिकाया गया है, जिसमें 76 मीटर के पांच और 50 मीटर के दो लंबे स्पैन शामिल हैं.

मुंबई-नासिक हाईवे के ऊपर 100 मीटर लंबा ब्रिज भी तैयार हो गया है. (@nhsrcl/x)

मुंबई-नासिक हाईवे पर बना स्‍टील ब्रिज

मुंबई से अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर कुल इसके साथ ही महाराष्ट्र में भी रफ्तार दिखने लगी है, जहां ठाणे के पास मुंबई-नासिक हाईवे के ऊपर 100 मीटर लंबा और 1,405 मीट्रिक टन वजनी पहला स्टील ब्रिज सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है.

समुद्र के नीचे बन रही है टनल

महाराष्ट्र में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) से शिलफाटा के बीच 21 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड टनल की खुदाई का काम तेजी से चल रहा है. इस टनल का लगभग 7 किलोमीटर लंबा हिस्सा ठाणे क्रीक के नीचे समुद्र तल से होकर गुजरेगा. यह देश में पानी के भीतर बनने वाली पहली हाई-स्पीड रेल टनल होगी.

अब तक 62 फीसदी निर्माण कार्य पूरा

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई-अहमदाबाद प्रोजेक्ट का 62.16% भौतिक कार्य पूरा हो चुका है. परियोजना पर अब तक ₹90,967 करोड़ खर्च हो चुके हैं. प्रोजेक्ट की अंतिम लागत ₹2 लाख करोड़ तक जाने का अनुमान है. इस प्रोजेक्‍ट पर पहले 1.08 लाख करोड़ खर्च होने का अनुमान था. बढा हुआ खर्च रेलवे खुद वहन करेगा, जबकि शुरुआती बड़ा हिस्सा जापानी एजेंसी JICA द्वारा फंड किया गया है.



Source link