मां की राह पर बेटी…रेफरी बनने के लिए पाकिस्तानी क्रिकेटर ने लिया संन्यास
Last Updated:
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. कायनात संन्यास का के बाद क्रिकेट में रेफरी के तौर पर अपनी नई पारी की शुरुआत कर रही हैं. अपनी मां की तरह कायनात भी मैच ऑफिशियल बनने का फैसला किया. कायनात की मां भी महिला क्रिकेट में अंपायर रह चुकी हैं.
पाकिस्तानी क्रिकेटर कायनात इम्तियाज ने किया रिटायरमेंट का ऐलान
नई दिल्ली: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने अपने 13 साल के करियर से संन्यास का ऐलान कर दिया है. हालांकि, संन्यास के बाद भी कायनात इस खेल से जुड़ी रहेंगी. दरअसल, कायनात अपनी मां, सलीमा इम्तियाज के नक्शेकदम पर चलते हुए मैच रेफरी के तौर पर अपनी नई पारी की शुरुआत कर रही हैं.
34 साल की कायनात ने पाकिस्तान के लिए 19 वनडे और 21 टी20 मैच खेले हैं. उन्होंने अक्टूबर 2010 में पोटचेफस्ट्रूम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया था और अगले साल बांग्लादेश के फातुल्लाह में आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था. उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन वनडे में 10 विकेट और टी20 में 8 विकेट के साथ किया.
क्रिकेट करियर में कायनात की उपलब्धियां
कायनात के करियर की उपलब्धियों की बात करें, तो वह चीन (2010) और दक्षिण कोरिया (2014) में आयोजित एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थीं. उन्होंने 2017 महिला क्रिकेट विश्व कप में भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया, जहां उन्होंने चार मैच खेले. इसके अलावा, कायनात 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी पाकिस्तानी टीम में शामिल थीं.
कायनात आखिरी बार पाकिस्तान के लिए 2022 और 2023 में मैदान पर नजर आई थीं. उन्होंने अपना आखिरी टी20 मैच अक्टूबर 2022 में सिलहट में थाईलैंड के खिलाफ खेला था, जिसके बाद जनवरी 2023 में ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला. इसके बाद उन्हें पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में खेलने का दोबारा मौका नहीं मिल सका.
कायनात की मां भी रह चुकी हैं मैच ऑफिशियल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा से पहले ही कायनात ने रेफरी के तौर पर नई शुरुआत कर दी थी. उन्होंने इसी साल अगस्त और सितंबर में कराची में आयोजित पीसीबी नेशनल विमेंस अंडर-19 टूर्नामेंट के दौरान मैच रेफरी की भूमिका निभाई थी. कायनात की मां भी मैच ऑफिशियल रह चुकी हैं. उनकी मां, सलीमा इम्तियाज ने 2024 में आईसीसी के इंटरनेशनल डेवलपमेंट पैनल में शामिल होने वाली पाकिस्तान की पहली महिला अंपायर बनकर इतिहास रचा था.
सलीमा ने 2008 में पीसीबी महिला पैनल के साथ अंपायरिंग शुरू की थी और तब से अब तक वह 9 महिला वनडे और 69 महिला टी20 मैचों में अंपायरिंग कर चुकी हैं. सलीमा ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में अंपायरिंग करने वाली पहली पाकिस्तानी महिला बनकर इतिहास रचा था.