Last Updated:
Ranchi Hotel Raid: रांची में होटल और बार की आड़ में चल रहे कथित अनैतिक धंधे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. राजधानी में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी से हड़कंप मच गया. इस क्रम में कचहरी चौक के नामी होटल में कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन युवतियों के साथ 8 लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, वहीं होटल मैनेजर और स्टाफ से भी पूछताछ हो रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क की कुंडली खंगालने में जुटी है कि आखिर इस खेल के पीछे कौन कौन शामिल है?
रांची के नामी होटल में पुलिस की छापेमारी, 6 युवतियों समेत 8 युवक हिरासत में,
रांची. झारखंड की राजदानी रांची में देर रात पुलिस ने एक या दो नहीं, बल्कि राजधानी के एक दर्जन से अधिक होटलों और बार पर एक साथ छापे मारे. पुलिस के रडार पर आए ठिकानों पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश दी और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र का कोरिंथिया होटल (CORINTHIA Hotel) पुलिस के निशाने पर आ गया. छापेमारी के दौरान यहां से करीब आधा दर्जन युवतियों और आठ युवकों को हिरासत में लिया गया. इसके साथ ही होटल के मैनेजर, स्टाफ और दूसरे कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी गई. पुलिस की जांच में होटल के भीतर बार बालाओं से डांस कराने की बात भी सामने आई है. इसके बाद पुलिस ने होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ तेज कर दी है.
कचहरी चौक के होटल में कैसा खेल?
जांच अब सिर्फ होटल तक सीमित नहीं है, रांची पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे खेल के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं? दरअसल, पुलिस को शक है कि कथित देह व्यापार के लिए युवतियों को दलालों के जरिए होटल तक पहुंचाया जाता था. बताया जा रहा है कि झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से इस नेटवर्क के तार जुड़े हो सकते हैं.
होटल मैनेजमेंट और स्टाफ से पूछताछ
कमरों तक युवतियों को पहुंचाए जाने और पैसों के लेन-देन की जानकारी भी पुलिस जांच का हिस्सा है. जांच में चार हजार से लेकर दस हजार रुपये तक कथित डील की बात भी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क में दलाल से लेकर होटल प्रबंधन तक किस-किस की भूमिका थी.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, होटल संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में है,पुलिस तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है. उधर लालपुर थाना क्षेत्र में भी आधा दर्जन से ज्यादा बार में पुलिस टीमों ने जांच की. संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई. रांची पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने राजधानी के होटल और बार कारोबार में खलबली मचा दी है.